Home Blog Page 161

छत्तीसगढ़ : मां से मंगा नया मोबाइल, डिमांड पूरी नहीं होने पर नाबालिग बेटी ने किया सुसाइड

जशपुर : छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से हैरतअंगेज मामला सामने आया है. नाबालिग बेटी ने अपनी मां से मोबाइल खरीदने की जिद की लेकिन डिमांड पूरी नहीं होने पर उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. बालिका ने सुसाइड एक बड़े से पेड़ से लटकर की है. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में जुट गई है.

यह मामला पत्थलगांव थाना क्षेत्र के कछार बरपारा का है. जानकारी के मुताबिक, यहां निवासरत इलूश कुजूर की 15 साल की बेटी अपनी मां से कई दिनों से नया मोबाइल फोन दिलाने की मांग कर रही थी. मगर, मां ने घर की समस्याएं बताकर बेटी की बात को टाल दिया करती थी. बेटी ने फिर से नए मोबाइल की डिमांड कर दी. फिर मां ने मना कर दिया और कहा कि अभी खेती किसानी में पैसा खत्म हो गया है. जब धान बिक्री हो जाएगी, तब नया मोबाइल खरीद दूंगी. नाराज पुत्री ने घर से महज दुर चली गई और कोशम की पेड़ में ओढ़नी का फंदा डालकर फांसी पर झूल गई. रात में परिवार के लोग घर में बेटी को नहीं देखा, सुबह देखा तो घर से दूर एक पेड़ से फांसी के फंदे पर उसकी लटकी हुई लाश मिली. जिसे देख परिजनों में चीख पुकार मच गई.

मामले में पत्थलगांव एसडीओपी ध्रुवेश जायसवाल ने बताया कि कछार बरपारा में नाबालिग ने मोबाइल की मांग पूरी न होने पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग पंचनामा कायम कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है.

अनंत अंबानी-राधिका मर्चेंट ने धूमधाम से किया गणपति विसर्जन, नीता अंबानी भी साथ आईं नजर

मुकेश अंबानी और नीता अंबानी ने गणेश चतुर्थी 2024 के खास मौके पर गणपति बप्पा का अपने घर एंटीलिया में जोरदार स्वागत किया था। इस शुभ अवसर पर राजनेता से लेकर बॉलीवुड के कई बड़े-बड़े सितारों ने अंबानी परिवार के घर पहुंचकर बप्पा का आशीर्वाद लिया और गणेश पूजा में भी हिस्सा लिया। वहीं आज अंबानी फैमिली ने धूमधाम से बप्पा का विसर्जन किया, जिसकी कई वीडियोज और तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर सामने आई हैं। एंटीलिया से फूलों के रथ पर भगवान गणेश को विदा किया।

अंबानी परिवार ने किया गणपति विसर्जन 

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया में जिस भव्‍यता से गणपति बप्‍पा का स्वागत हुआ था। उतनी ही धूमधाम से गणेश विसर्जन भी किया गया। गणपति विसर्जन के मौके पर रिलायंस फाउंडेशन की संस्थापक और अध्यक्ष नीता अंबानी के साथ अनंत अंबानी पत्नी राधिका मर्चेंट संग मौजूद रहीं। उन्‍होंने फूलों के रथ पर सवार भगवान गणेश की विसर्जन यात्रा में लोगों को मिठाइयां बांटी और ढोल-नगाड़ों के साथ गणपति बप्‍पा की रथ यात्रा निकाली।

अनंत-राधिका ने फूलों के रथ पर बप्पा को किया विदा

गणपति विसर्जन में अनंत अंबानी ने नारंगी कलर का कुर्ता पजामा पहना हुआ था जबकि राधिका मर्चेंट  डार्क ब्लू कलर के सूट सेट में नजर आईं। वहीं नीता अंबानी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें वो पिंक साड़ी पहने हुए लोगों को अभिवादन करते हुए नजर आ रही हैं। नीता अंबानी का ये वीडियो गणपति विसर्जन का है। इस दौरान ओरहान अवात्रामणि उर्फ ओरी भी बप्पा को विदा करने के लिए इस जश्न में शामिल हुए। वायरल वीडियो में अब देख सकते हैं कैसे फूलों के रथ पर भगवान गणेश को विदा किया गया है।

अंबानी परिवार के गणेश पूजा में दिखे थे ये सितारे

अंबानी परिवार की गणेश पूजा और बप्पा के दर्शन के लिए कई मशहूर हस्तियां एंटीलिया दिखाई दिए थे। अभिनेता सुनील शेट्टी से लेकर क्रिकेट आइकन सचिन तेंदुलकर, अर्जुन कपूर, सोनम कपूर अपने पति आनंद आहूजा, आमिर खान, टाइगर श्रॉफ तक और भी कई जानी-मानी हस्तियां इस भव्य उत्सव का हिस्सा बनने के लिए अंबानी निवास पर पहुंचीं।

Korba News : बालिका गृह में किशोरी की आत्महत्या, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा में रामपुर बालिका गृह में एक 16 साल की किशोरी ने बाथरुम में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना की सूचना बालिका गृह के प्रबंधन ने सिविल लाइन थाना पुलिस को दी, जो मौके पर पहुंची और आगे की जांच में जुटी हुई है।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि नाबालिग ने यह कदम क्यों उठाया, यह बात अब तक सामने नहीं आई है। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतार कर पीएम के लिए जिला मेडिकल कॉलेज भेजा है। एएसपी यूबीएस चौहान ने बताया कि बालिका गृह में बालिका ने टॉयलेट में फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया है। सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद बालिका गृह के प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की ओर से कोई बयान नहीं आया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और जल्द ही घटना के कारणों का पता लगाया जाएगा।

इस घटना ने एक बार फिर से बालिका गृहों में सुरक्षा और देखभाल की व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए जरूरी है कि बालिका गृहों में सुरक्षा और देखभाल की व्यवस्था को मजबूत किया जाए।

CRIME : लूट का विरोध कर रहे भाजपा नेता की गोली मारकर हत्या, सामने आया

पटना: बिहार में विपक्ष कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर लगातार निशाना साध रहा है। इसी बीच, बिहार की राजधानी पटना में सोमवार की सुबह अपराधियों ने चौक थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक भाजपा के नेता भी थे।
पुलिस के मुताबिक, घटना पटना सिटी के एक रेस्टोरेंट के पास की है। बताया जाता है कि पटना सिटी निवासी श्याम सुंदर शर्मा उर्फ मुन्ना शर्मा अपने कुछ रिश्तेदारों को ऑटो में बिठाने गए थे। इसी क्रम में बाइक सवार बदमाशों ने उनसे सोने की चेन लूटने की कोशिश की। जब इसका उसने विरोध किया तो गोली चला दी गई, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए। फिलहाल पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज द्वारा अपराधियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। मृतक मुन्ना शर्मा भाजपा पटना सिटी चौक मंडल अध्यक्ष बताए जाते है।
जानकारी के मुताबिक रविवार को उनके घर पर कोई पारिवारिक मांगलिक समारोह था, जिसमे उनके कई रिश्तेदार शामिल होने आए थे। सोमवार को कुछ रिश्तेदारों को वे ऑटो पकड़वाने घर से बाहर निकले थे।

एलुमिना प्लांट में हुए हादसे की जांच के निर्देश, दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई

अंबिकापुर : सरगुजा के एलुमिना प्लांट में हुए औद्योगिक दुर्घटना में 4 मजदूरों की मौत हो गई। इस हादसे पर सीएम साय ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

X पर सीएम साय ने लिखा, मेरी संवेदनाएं मृतकों के परिजनों के साथ है। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने व घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।

जानकारी के अनुसार बतौली इलाके के सिलसिला गांव में संचालित मां कुदरगढ़ी एल्युमिना प्लांट में सुबह पहली शिफ्ट में छह बजे काम शुरू हुआ। बॉक्साइट को पिघलाने के लिए हॉपर के सहारे बॉयलर में कोयला जा रहा था। सुबह साढ़े 10 बजे करीब 60 टन कोयला लोड हॉपर 25 फीट ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा, जिसकी चपेट में नीचे खड़े सात मजदूर आ गए और दब गए।

इस अफरातफरी के बीच राहत कार्य शुरू हुआ। जेसीबी से मलबा हटाकर करीब साढ़े छह घंटे की मशक्कत के बाद मजदूरों को बाहर निकाला जा सका। प्रबंधन की ओर से चार मजदूरों की मौत की पुष्टि की गई है। मृतकों में मप्र के प्रिंस राजपूत (22), मनोज राजपूत (35) और बिहार के करण (20), रामेश्वर (30) शामिल है। साथ ही अनमोल राजपूत, आकाश चंद्रवंशी और महिपाल गंभीर रूप से घायल हैं।

CG News : प्रोफेसर की हत्या की कोशिश का मामला, आरोपियों को नहीं मिली जमानत

दुर्ग : भिलाई तीन स्थित खूबचंद बघेल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर विनोद शर्मा पर जानलेवा हमला कराने के आरोपियों प्रवीर शर्मा, धीरज वस्त्रकार, और शिवम मिश्रा की जमानत याचिका दुर्ग जिला कोर्ट के सेशन जज ने खारिज कर दी है. तीनों आरोपियों ने अब अपनी अग्रिम जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका दायर की है. इस मामले में दुर्ग एसपी ने सभी फरार आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है और फरार छह आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है.

इस बीच जनता कांग्रेस से बीजेपी में शामिल हुए भिलाई के वकील अशोक शर्मा ने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने मामले में पहले से गिरफ्तार तीन आरोपियों का नार्को टेस्ट और वैज्ञानिक परीक्षण कराने की मांग की है.

वहीं प्रदेश भर में चर्चा है की यह मामला प्रदेश की बड़े राजनीतिक दल के प्रमुख नेता के परिवार से जुड़ा है. क्योंकि प्रवीर शर्मा उस परिवार के भिलाई 3 स्थित बिल्डिंग, रियल स्टेट का काम संभालता है. इन तीनों आरोपियों के पकड़े जाने के बाद बड़े खुलासे होने की संभावना है.

CG Crime : 15 गिरफ्तारी, भिलाई ट्रिपल मर्डर मामले में पुलिस का एक्शन

भिलाई : दुर्ग जिले में गणेश उत्सव के दौरान ट्रिपल मर्डर के बाद पूरे जिले में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को पूरे इलाके में खुद गश्त करने के निर्देश दिए हैं। नंदिनी पुलिस ने आरोपियों को घटना स्थल पर ले जाकर क्राइम सीन रिक्रिएशन कराया।

दरअसल, शनिवार रात दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष में 3 भाइयों की हत्या कर दी गई। नंदनी खुंदनी गांव में तनाव को देखते हुए एसपी जितेंद्र शुक्ला ने पुलिस की मुस्तैदी बढ़ा दी है। पुलिस ने 24 घंटे के अंदर सभी 15 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

रविवार को आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके कबूलनामे के बाद पुलिस उन्हें क्राइम सीन पर लेकर गई। उनसे पूछा कि उन्होंने किस तरह से पूरी वारदात को अंजाम दिया। करीब एक घंटे तक क्राइम रिक्रिएशन के बाद सभी आरोपियों को थाने ले जाया गया। उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

पुलिस ने इस मामले में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी नंदिनीखुदनी गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों में सोम पाल पटेल, उम्र 29 साल, सूरज पटेल, उम्र 22 साल, कान्हा पटेल, उम्र 19 साल, योगेश वर्मा, उम्र 28 वर्ष, त्रिलोचन पटेल, उम्र 24 साल, अजय ठाकुर उम्र 22 साल, जागेश्वर पटेल, उम्र 30 वर्ष, डेरहा राम यादव, उम्र 19 वर्ष, संजय ठाकुर, उम्र 30 वर्ष, माधो पटेल, उम्र 57 वर्ष, कन्हैया पटेल, उम्र 30 वर्ष, गंगाधर पटेल, उम्र 33 साल, पिताम्बर लाल पटेल, उम्र 44 साल, मोहन पटेल, उम्र 24 साल और नरसिग लोधी, उम्र 40 साल शामिल है।

Ganesh utsav 2024 : घर पर विराजमान है गणपति तो भूल कर भी न करें ये काम

Ganesh Utsav 2024 : हिन्दू धर्म में त्योहारों का बड़ा महत्व है. भाद्रपद मास में आने वाली गणेश चतुर्थी बड़े पर्वों में से एक है. इस दिन से गणेश उत्सव की शुरुआत होती है और लोग अपने घरों में बप्पा की मूर्ति स्थापित करते हैं. भगवान गणेश के भक्त पूरे 10 दिनों तक उनकी पूजा और आराधना करते हैं और उनकी प्रिय चीजों का भोग लगाते हैं. मान्यता है कि इससे बप्पा की कृपा प्राप्त होती है और जीवन के सारे संकटों से मुक्ति मिल जाती है लेकिन, ध्यान रहे अगर आप अपने घर में बप्पा को लेकर आए हैं तो पूरे 10 दिनों तक कुछ चीजों को घर में लाना ​वर्जित माना गया है. क्या हैं वे आइए जानते हैं इनके बारे में.

गणेश उत्सव में ना करें ये काम – 

1. मांस-मदिरा से दूरी बना लें

यदि आप नॉनवेज खाते हैं तो गणेश स्थापना के बाद ऐसी चीजों से दूरी बना लें. जब तक विसर्जन ना हो जाए आप भूलकर भी घर में मांस मदीरा न लाएं.

2. किसी भी तरह का नशा ना करें

गणेश चतुर्थी के दिन जब गणपति घर में आते हैं तो इस बात का भी पूरा ध्यान रखना चाहिए कि घर में कोई भी नशे वाली चीजें ना लाएं क्योंकि ऐसा करना या नशे का सेवन करना इन दिनों बिल्कुल वर्जित माना गया है.

3. सफेद रंग की चीजों से दूरी

गणेश स्थापना के बाद कई बार लोग भगवान को सफेद रंग से जुड़ी कई चीजें अनजाने में अर्पित कर देते हैं. इनमें सफेद रंग के फूल, सफेद जनेऊ, सफेद चंदन या सफेद वस्त्र शामिल होते हैं. इसलिए आपको इन बातों का ध्यान रखना है कि ऐसी भूल ना हो.

4. गंदगी ना हो

वैसे तो सभी लोग भगवान गणेश को साफ जगह में स्थापित करते हैं लेकिन इस बात का ख्याल रखें कि घर में भी पर्याप्त साफ-सफाई हो. वहीं स्थापना के बाद विसर्जन तक घर में गंदगी ना रहे, इसलिए अच्छी तरह सफाई रखें.

10 सितंबर को बढ़ेगी MLA देवेंद्र यादव की मुश्किलें, चालान पेश करने की तैयारी में पुलिस

दुर्ग : भिलाई से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव की 7 दिन रिमांड सोमवार को खत्म हो रही है। मंगलवार 3 सितंबर को पेशी के बाद कोर्ट ने उनकी रिमांड 9 सितंबर तक बढ़ा दी थी। लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को देखते हुए आज भी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सुनवाई होगी। इससे पहले, 20 और 27 अगस्त को सुनवाई हुई थी।

देवेंद्र यादव के वकील की तरफ से पुलिस के चालान पेश करने को लेकर बात रखी जाएगी। संभावना है कि पुलिस 10 सितंबर तक चालान पेश कर सकती है। बलौदाबाजार हिंसा मामले में उन्हें भिलाई पुलिस ने 17 अगस्त को गिरफ्तार किया था।

विधायक देवेंद्र यादव की गिरफ्तारी बलौदाबाजार हिंसा मामले में हुई है। उन पर लोगों को भड़काने का आरोप है। इस मामले में बलौदाबाजार पुलिस ने 4 बार नोटिस जारी किया, लेकिन विधायक ने बयान देने जाने से मना कर दिया था। उन्होंने कहा था कि पुलिस को बयान लेना है, तो उनके पास और लेकर जाए। कलेक्ट्रेट आगजनी मामले में पूछताछ के लिए तीसरा नोटिस मिलने पर देवेंद्र यादव ने बलौदबाजार जाकर पुलिस अधीक्षक से मुलाकात भी की थी।

वहीं बलौदाबाजार पुलिस के एक उच्चाधिकारी की माने तो पुलिस के पास देवेंद्र के खिलाफ गवाह हैं। कुछ लोगों के बयान हैं। इसके अलावा पुलिस के पास कुछ वीडियो भी हैं। इसको आधार बनाकर उन पर कार्रवाई की जा रही है।

ममता के भतीजे को सुप्रीम कोर्ट से झटका, ED के खिलाफ अभिषेक बनर्जी की याचिका हुई खारिज

नई दिल्ली : ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी को सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। कोर्ट ने सोमवार को अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी रुजिरा बनर्जी की याचिका रद्द कर दी। टीएमसी नेता और उनकी पत्नी रुजिरा ने याचिका में ईडी के समन को चुनौती दी थी, जो उन्हें पश्चिम बंगाल के शिक्षक भर्ती घोटाले में जारी हुआ था। दोनों ने दावा किया कि कलकत्ता उनका सामान्य निवास स्थान है। उन्होंने ईडी के समन को चुनौती दी, क्योंकि इसके लिए उन्हें नई दिल्ली में उपस्थित होना जरूरी था। जस्टिस बेला त्रिवेदी और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की खंडपीठ ने फैसला सुनाया। खंडपीठ ने 13 अगस्त को फैसला सुरक्षित रख लिया था।

गौरतलब है कि अभिषेक बनर्जी ने ईडी द्वारा भेजे गए कई समन को नजरअंदाज कर दिया है। इन्हें चुनौती देने के लिए शीर्ष अदालत का दरवाजा खटखटाया है। बनर्जी ने सुप्रीम कोर्ट में प्रक्रियागत उल्लंघनों का हवाला देते हुए ईडी के समन पर आपत्ति जताई, जिसमें उन्हें नयी दिल्ली में पेश होने का निर्देश दिया गया था। उन्होंने दलील दी कि चूंकि प्रिवेंशन ऑफ मनी लांड्रिंग ऐक्ट समन के संबंध में प्रोसीजर को स्पष्ट नहीं करता है। इसलिए क्रिमिनल प्रोसीजर कोड लागू होना चाहिए। इसके लिए उन्हें कोलकाता में जांच टीम के समक्ष उपस्थित होना होगा।

एजेंसी ने पिछले साल जून में दायर आरोप पत्र में बनर्जी का नाम लिया था। ईडी के अनुसार, स्कूलों में नौकरी पाने के लिए टीएमसी नेताओं को भुगतान करने वाले एक व्यक्ति ने आरोप लगाया कि तृणमूल नेता कुंतल घोष को दिए गए पैसे सुजय कृष्ण भद्र को दिए गए थे। सुजय एक युवा तृणमूल नेता थे, जो अभिषेक बनर्जी के अखिल भारतीय तृणमूल युवा कांग्रेस के अध्यक्ष रहने के दिनों में उनके वित्तीय मामले संभालते थे। सीनियर एडवोकेट कपिल सिब्बल ने अभिषेक बनर्जी की ओर से दलीलें पेश कीं। रुजिरा बनर्जी का प्रतिनिधित्व सीनियर एडवोकेट डॉ अभिषेक मनु सिंघवी और गोपाल शंकरनारायणन ने किया। ईडी की ओर से एडिशनल सॉलिसिटर जनरल एसवी राजू और एडवोकेट जोहेब हुसैन ने दलीलें पेश कीं।