Home Blog Page 193

असम में धराए दो बांग्लादेशी नागरिक, हिमंत सरमा बोले- वापस भेज दिया

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाले दो बांग्लादेशी नागरिकों को असम में पकड़ा गया और उन्हें उनके देश वापस भेज दिया गया। उन्होंने कहा कि दोनों को बदरपुर रेलवे स्टेशन पर पकड़ा गया और शुक्रवार रात को बांग्लादेश वापस भेज दिया गया। सरमा ने एक्स पर लिखा, “असम पुलिस ने बदरपुर रेलवे स्टेशन पर दो बांग्लादेशी नागरिकों को पकड़ा।”

पकड़े गए व्यक्तियों की पहचान बांग्लादेश के मॉडलगंज पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आने वाले एक इलाके के निवासी मासूम खान और ढाका की सोनिया अख्तर के रूप में हुई है। सरमा ने कहा कि वे कथित तौर पर माधोपुर (बांग्लादेश)-अगरतला मार्ग से भारत में प्रवेश कर गए थे और बेंगलुरु जा रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा, “बीएसएफ के सहयोग से असम पुलिस ने कल रात उन्हें सफलतापूर्वक सीमा पार वापस खदेड़ दिया।”

सरमा ने शनिवार को कहा था कि पिछले एक महीने में वैध दस्तावेजों के बिना भारत में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे 30 से अधिक बांग्लादेशियों को असम से वापस खदेड़ा गया है। उन्होंने दावा किया कि वे कपड़ा उद्योग में काम की तलाश में बेंगलुरु और अन्य दक्षिण भारतीय शहरों की ओर जा रहे थे।

Chhattisgarh : 3 राइस मिलरों पर खाद्य विभाग का छापा, 9.43 करोड़ का धान और चावल जब्त

रायपुर : कस्टम मिलिंग के लिए दिए गए चावल को जमा नहीं करने पर खाद्य विभाग द्वारा कार्रवाई की गई है। जिले में तीन राइस मिलरों के यहां छापे मारी करते हुए 19 हजार 970 क्विंटल धान और 8,100 क्विंटल चावल जब्त किया गया है। इस पूरे धान और चावल की कीमत लगभग 9.43 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। दरअसल, रायपुर जिले में राइस मिलरों द्वारा चावल धीमी गति से जमा किया जा रहा था, जिस पर शासन स्तर पर नाराजगी जताई गई थी।

इस पर कलेक्टर डा गौरव सिंह ने खाद्य विभाग को राइस मिलरों छत्तीसगढ़ कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश 2016 की कंडिकाओं के उल्लंघन किए जाने और चावल जमा किए जाने में रूचि नहीं लेने पर कार्रवाई के लिए टीम को भेजा।

इस दौरान अभनपुर विकासखण्ड के राइस मिल फर्म निर्मला राईस प्रा.लि. से 3,800 क्विंटल धान एवं 7,750 क्विंटल चावल, मंदिर हसौद के उमरिया स्थित कमल राइस मिल से 3,600 क्विंटल धान जब्त किया गया। इसी प्रकार विकासखण्ड आरंग स्थित ग्राम जरौदा, कान्हा राइस मिल की जांच में 1,2570.40 क्विंटल धान एवं 350 क्विंटल चावल जब्त किया गया। इस कार्रवाई में सहायक खाद्य अधिकारी पवित्रा अहिरवार, भारती हर्ष एवं खाद्य निरीक्षक श्रद्धा चौहान शामिल थे।

26 की जगह आठ रेक ही उपलब्ध
कलेक्टर ने एफसीआइ के अफसरों को चावल जमा करने के लिए स्टैक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही रेलवे के अधिकारियों से भी शासन द्वारा शीघ्र रेक उपलब्ध कराने कहा। जिस पर रेलवे ने 26 रेक उपलब्ध कराने की बात कही और सिर्फ आठ रेक ही उपलब्ध कराया गया। वहीं, जिले में वर्तमान में 2,66,000 टन चावल जमा किया जाना शेष है।

6.19 करोड़ का धान और 3.24 करोड़ का चावल
इस छापेमारी में 19,970 क्विंटल धान जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 3100 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से 6,19,07,000 रुपये होती है। वहीं, चावल की रिकवरी शासन के निेर्देशानुसार 4000 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से की जाती है। उस हिसाब से जब्त किए गए 8,100 क्विंटल चावल की कीमत तीन करोड़ 24 लाख रुपये होती है।

Coal Scam Case : 24 सितंबर तक बढ़ी आरोपियों की रिमांड, कांग्रेस विधायक देवेंद्र, चंद्रदेव राय और आरपी सिंह के खिलाफ जमानती वारंट जारी

रायपुर : कोयला घोटाला मामले में शनिवार को ईडी की विशेष अदालत में सुनवाई हुई। स्पेशल कोर्ट ने कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव, पूर्व विधायक चंद्रदेव राय, कांग्रेस नेता आरपी सिंह और जेल के बाहर अन्य आरोपियों के खिलाफ जमानती वारंट जारी किया है। 24 सितंबर तक सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश होने के आदेश दिए गए हैं। इधर, कोयला घोटाले में जेल भेजे गए सभी आरोपियों की न्यायिक हिरासत 24 सितंबर तक बढ़ा दी गई है। वहीं, बलौदाबाजार हिंसा मामले में जेल में बंद देवेंद्र यादव की ओर से कोर्ट में धारा 88 का आवेदन लगाया गया है। इस आवेदन पर 6 सितंबर को सुनवाई होगी।

कोल स्कैम केस में रायपुर की जेल में बंद कारोबारी सूर्यकांत तिवारी, निलंबित IAS समीर विश्नोई और कस्टम मिलिंग घोटाले में जेल में बंद मार्क फेड के पूर्व एमडी मनोज सोनी ने जमानत आवेदन लगाया है।

ईडी के विशेष न्यायाधीश की अदालत में अभियोजन और बचाव पक्ष 31 अगस्त को अपना पक्ष रखेंगे। कोयला घोटाला मामले में जेल के बाहर आरोपियों को फिर से कोर्ट में हाजिर होने के लिए समन जारी किया गया है। इनमें कांग्रेस नेता विनोद तिवारी, आरपी सिंह, रजनीकांत तिवारी, मनीष उपाध्याय, नवनीत तिवारी, नारायण साहू, पीयूष साहू, पूर्व विधायक चंद्रदेव राय और रोशन कुमार सिंह शामिल है।

कोरबा : सुनालिया नहर पुल पर अब नहीं लगेगा जाम, बेहतर आवागमन के साथ मिलेगा आराम, वाई शेप अंडरपास की मिली स्वीकृति

कोरबा : कोरबा शहर में प्रवेश के साथ ही रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले सुनालिया नहर पुल मुख्य मार्ग में रेल्वे क्रॉसिंग बंद होने की वजह से नहर पुल पर वाहनों के जाम में फंसने वाले आम लोगों को जल्दी ही राहत के साथ आराम मिलने की उम्मीद हैं। आम लोगों को फाटक बंद होने से इस मार्ग पर आवागमन में जो परेशानी उठानी पड़ती है, वह आने वाले समय में दूर हो जाएगी। कोरबा विधायक और छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग, वाणिज्य एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन की पहल, अनुशंसा और कलेक्टर अजीत वसंत के प्रयासों से इस सुनालिया रेलवे क्रॉसिंग पर शीघ्र ही वाई शेप अंडरपास का निर्माण होने वाला है। कलेक्टर द्वारा अंडरपास निर्माण के लिए 30 करोड़ 97 लाख रूपए की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। जल्द ही तकनीकी स्वीकृति उपरांत अंडरपास निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

कलेक्टर ने लोक निर्माण विभाग (सेतु) के अधिकारियों को सुनालिया रेलवे क्रॉसिंग में अंडरपास निर्माण के लिए स्टीमेट बनाने के निर्देश दिए थे। आखिरकार कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन की अनुशंसा पर जिला खनिज न्यास मद से लगभग 30 करोड़ 97 लाख रूपए की लागत से अंडरपास निर्माण की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है।

490.50 मीटर लंबी और 8.5 मीटर चौड़ी होगी अंडरपास सुनालिया नहर पुल रेल्वे क्रॉसिंग मार्ग में बनने वाले अंडरपास का निर्माण पीडब्ल्यूडी (सेतु) की देखरेख में राइट्स (रेलवे) द्वारा किया जाएगा। इस अंडरपास की लागत 30 करोड़ 96 लाख 89 हजार रूपए आएगी। अंडरपास की कुल लंबाई 490.50 मीटर तथा चौड़ाई 8.5 मीटर होगी। अंडरपास में रेलवे लाइन के नीचे 25 मीटर का बॉक्स होगा। सुनालिया चौक तरफ की लंबाई 188.50 मीटर और रेलवे स्टेशन की तरफ 138.50 तथा पुरानी बस्ती (कोतवाली) की ओर लंबाई 138.50 मीटर होगी।

शेड, लाइट तथा पानी निकासी की होगी समुचित व्यवस्था अंडरपास का निर्माण आधुनिक तकनीकों के आधार पर किया जाएगा। अंडरपास में आवागमन के दौरान आने-जाने वालों को परेशानी न हो इसका भी ध्यान रखा गया है। बारिश तथा धूप से बचाव के लिए अंडरपास में शेड का निर्माण किया जाएगा। अंडर पास में पर्याप्त रोशनी हेतु लाइट की व्यवस्था होगी। इसी तरह पानी निकासी तथा साफ-सफाई के लिए भी आवश्यक व्यवस्था की जाएगी।

मन की बात में पीएम मोदी ने की देश की दिशा बदल रहे स्टार्टअप्स की चर्चा, झाबुआ के सफाईकर्मियों की तारीफ

Mann Ki Baat: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मन की बात कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने पहले नेशनल स्पेस डे की चर्चा की। इसके अलावा पीएम ने मद्रास आईआईटी से पढ़े और अब गैलेक्स आई नाम से स्टार्टअप चला रहे युवाओं से भी बात की। उन्होंने देश के युवाओं में राजनीति को लेकर आ रही जागरुकता और असम के गांव में जानवरों से बढ़ते प्रेम पर भी बात की। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के युवाओं द्वारा खास थ्रीडी पेंटिंग और और मध्य प्रदेश के झाबुआ सफाईकर्मियों द्वारा वेस्ट मटीरियल के रीयूज से पार्क की खूबसूरती बढ़ाने को लेकर भी बातें कहीं।

इससे पहले मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज एक बार फिर बात होगी-देश की उपलब्धियों की, देश के लोगों के सामूहिक प्रयासों की। 21वीं सदी के भारत में कितना ही कुछ ऐसा हो रहा है, जो विकसित भारत की नींव मजबूत कर रहा है। जैसे इस 23 अगस्त को ही हम सब देशवासियों ने पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया। पीएम मोदी ने कहा कि मुझे विश्वास है कि आप सबने इस दिन एक बार फिर चंद्रयान-3 की सफलता का जश्न मनाया होगा। पिछले वर्ष इसी दिन चंद्रयान-3 ने चांद के दक्षिणी हिस्से में शिव-शक्ति बिंदु पर सफलतापूर्वक लैंडिंग की थी। भारत इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को हासिल करने वाला दुनिया का पहला देश बना।

पीएम मोदी ने कहा कि हर घर तिरंगा और पूरा देश तिरंगा-इस बार ये अभियान अपनी पूरी ऊंचाई पर रहा। देश के कोने-कोने से इस अभियान से जुड़ी अद्भुत तस्वीरें सामने आई हैं। हमने घरों पर तिरंगा लहराते देखा स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय में तिरंगा देखा। लोगों ने अपनी दुकानों, दफ्तरों में तिरंगा लगाया, लोगों ने अपने डेस्कटॉप, मोबाइल और गाड़ियों में भी तिरंगा लगाया। जब लोग एक साथ जुड़कर अपनी भावना प्रकट करते हैं, तो इसी तरह हर अभियान को चार चांद लग जाते हैं।

प्रधानमंत्री ने इस दौरान जम्मू-कश्मीर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के रियासी में 750 मीटर लंबे झंडे के साथ तिरंगा रैली निकाली गई। यह रैली दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज पर निकाली गई। जिसने भी इन तस्वीरों को देखा, उसका मन खुशी से झूम उठा। श्रीनगर के डल लेक में भी तिरंगा यात्रा की मनमोहक तस्वीरें हम सबने देखीं। अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट कामेंग जिले में भी 600 फीट लंबे तिरंगे के साथ यात्रा निकाली गई। देश के अन्य राज्यों में भी इसी तरह, हर उम्र के लोग, ऐसी तिरंगा यात्राओं में शामिल हुए।

मन की बात के 113वें एपिसोड में पीएम मोदी ने कहा कि हमने 19 अगस्त को रक्षा बंधन मनाया। उसी दिन पूरी दुनिया में ‘विश्व संस्कृत दिवस’ भी मनाया गया। आज भी देश-विदेश में लोगों का संस्कृत भाषा के प्रति विशेष लगाव है। दुनिया के कई देशों में संस्कृत भाषा पर कई तरह के शोध और प्रयोग हो रहे हैं।

CG : एडिशनल कलेक्टर और एसपी पर HC ने लगाया जुर्माना, केवल संदेह पर नहीं हो सकती गिरफ्तारी

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय ने एक पति-पत्नी के विवाद में सिटी मजिस्ट्रेट द्वारा की गई गलत कार्रवाई पर कड़ी फटकार लगाई है। मामला ईडब्ल्यूएस फेस-2 एमपी नगर, थाना सिविल लाइन रामपुर निवासी लक्ष्मण साकेत से जुड़ा है, जिन्हें सिटी मजिस्ट्रेट गौतम सिंह (एडिशनल कलेक्टर) ने अवैध रूप से हिरासत में भेज दिया था।

लक्ष्मण साकेत और उनकी पत्नी के बीच विवाद पर पुलिस ने धारा 107 और 116 के तहत मामला दर्ज किया था। इस पर कार्रवाई करते हुए सिटी मजिस्ट्रेट ने लक्ष्मण को जमानत तो दी, लेकिन शाम 5 बजे के बाद सॉल्वेंट श्योरिटी की शर्त लगाकर उन्हें जेल भेज दिया गया, क्योंकि उनके वकील उस समय श्योरिटी पेश नहीं कर सके थे।

लक्ष्मण साकेत के अधिवक्ता आशुतोष शुक्ला ने इस अवैध कार्रवाई के खिलाफ बिलासपुर हाईकोर्ट में रिट पिटिशन (क्रिमिनल) दायर की। मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और विभू दत्त गुरु की खंडपीठ ने इस मामले की सुनवाई करते हुए इसे एक नागरिक के जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार का गंभीर उल्लंघन करार दिया।

कोर्ट ने सिटी मजिस्ट्रेट कोरबा, एसपी, एडिशनल कलेक्टर समेत राज्य शासन को दोषी पाते हुए 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है, जिसे 30 दिनों के भीतर जमा करना अनिवार्य है। न्यायालय ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल संदेह के आधार पर किसी व्यक्ति को गिरफ्तार नहीं किया जा सकता है और ऐसे मामलों में सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों का पालन किया जाना चाहिए।

पॉलीग्राफ टेस्ट से पहले कोलकाता कांड के आरोपी का यूटर्न, गार्ड्स को बताईं हैरान करने वाली बातें

कोलकाता के आरजी अस्पताल में महिला डॉक्टर के साथ रेप और हत्या के मुख्य आरोपी संजय रॉय का पॉलीग्राफ टेस्ट रविवार को हो सकता है। उससे पहले संजय रॉय ने यू-टर्न ले लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस के सामने संजय रॉय ने अपना जुर्म कबूल कर लिया था। अब उसने खुद को निर्दोष बताना शुरू कर दिया है। उसका कहना है कि इस मामले में उसे फंसाया गया है।

शुक्रवार को संजय रॉय ने अडिशनल चीफ जूडिशल मजिस्ट्रेट के सामने पॉलीग्राफ टेस्ट की स्वीकृति दे दी थी और कहा था कि वह खुद को निर्दोष साबित करना चाहता है। बता दें कि पॉलीग्राफ टेस्ट के लिए आरोपी की सहमति भी जरूरी होती है। एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी संजय रॉय जांच को भटकाने की कोशिश कर रहा है। अधिकारी ने कहा कि अपराध के वक्त वहां मौजूदगी को लेकर संजय रॉय ने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया है। चेहरे पर लगी चोट को लेकर भी उसने कुछ नहीं बताया।

अधिकारी ने कहा, वह लगातार जांच को भटकाने के प्रयास में लगा है। उसने चेहरे पर लगी चोट को लेकर कोई जवाब नहीं दिया। इसके अलावा सीसीटीवी फुटेज में उसे कॉरिडोर में देखा गया था। इसके बाद सुबह के 4 बजे के करीब घटना हुई। घटना से ठीक पहले उसे कॉरिडोर में देखा गया। पहले संजय रॉय का पॉलीग्राफ टेस्ट शनिवार को ही होना था। हालांकि तकनीकी कारणों से इसे पोस्टपोन कर दिया गाय था। अब रविवार को पॉलीग्राफ टेस्ट हो सकता है।

इस मामले में छह लोगों का लाइ डिटेक्टर टेस्ट होना है जिसमें मेडिकल कॉलेज के पूर्व प्रिंसिपल डॉ. संदीप घोष भी शामिल हैं। संजय रॉय को जेल में सेल नंबर 21 में कैद किया गया है। इस सेल में वह अकेला ही है। इसके बाहर कड़ी सुरक्षा है और सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। संजय रॉय से पूछताछ और उसके फोन की जांच में पता चला था कि वह पोर्न देखने का आदी है। सीबीआई के अधिकारी ने दावा किया था कि संजय रॉय ने घटना की पूरी बात कबूल कर ली थी और उसने पूरा ब्यौरा भी दिया था। घटना के बारे में बताते हुए उसपर पछतावे का अंश भी नहीं था।

सीबीआई ने 15 लोगों से पूछताछ की थी जिसमें 10 पुलिस अधिकारी भी शामिल ते। 9 अगस्त की सुबह आरजी कर मेडिकल कॉलेज के सेमीनार हॉल में महिला डॉक्टर का शव पाया गया था। बाद में पुष्टि हुई की उसके साथ रेप भी किया गया है। शव पर 16 बाहरी और 9 अंदरूनी चोटें पाई गई थीं। डॉक्टर की आंख और प्राइवेट पार्ट से भी खून निकल रहा था।

BIG BREAKING: बड़ा रेल हादसा होते-होते बचा, एक्सप्रेस ट्रेन दो हिस्सों में बंटी

बिजनौर: यूपी के बिजनौर में रविवार की सुबह चार बजे बड़ा रेल हादसा होते-होते बच गया है। फिरोजपुर से धनबाद जा रही किसान एक्‍सप्रेस ट्रेन यहां कपलिंग टूटने की वजह से दो हिस्सों में बंट गई। इंजन से जुड़ी 14 बोगियां तो इंजन के साथ आगे बढ़ती रहीं जबकि पीछे की आठ बोगियां रेलवे ट्रैक पर कुछ देर तक बढ़ने के बाद रुक गईं। ट्रेन में बड़ी संख्‍या में यूपी पुलिस भर्ती के परीक्षार्थी सवार थे। पुलिस और रेलवे अधिकारियों उन्‍हें बस से रवाना किया। गनीमत रही कि बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया। सभी यात्री सुरक्षित हैं।

सूचना पर रेलवे अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। ट्रेन से अलग हुई बोगियों को दोबारा जोड़ा गया। ट्रेन 21 डिब्‍बे लेकर रवाना हुई। जबकि एक स्‍लीपर कोच चलती ट्रेन से कटकर पीछे रह गया था।
यह घटना धामपुर के चकराज़मल के पास हुई। धनबाद से फिरोजपुर जाने वाली किसान एक्सप्रेस के आठ बोगियां चकराजमल और स्योहारा के बीच कटकर पीछे रह गईं। जबकि 14 बोगियां इंजन के साथ आगे निकल गईं। बोगियां अलग होते ही ट्रेन में सवार लोगों में हड़कंप मच गया।
उधर, ट्रेन से कटे कोच में पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रहे अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्हें मुरादाबाद और बरेली में भर्ती परीक्षा देने जाना था। सूचना पर पहुंचे एसपी पूर्वी धर्म सिंह मार्छल और रेलवे अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को बस से उनके गंतव्य पर रवाना कराया।अधिकारियों ने बताया कि मुरादाबाद और बरेली जा रहे पुलिस भर्ती परीक्षा के दो से ढाई सौ बच्‍चे हंगामा कर रहे थे। उन्‍हें रोडवेज की बसों से रवाना कर दिया गया है। लोको पायलट केके रस्तोगी और उनके सहयोगी मोनू कुमार ने बताया कि S3 और S4 कोच का जोड़ टूटने से 8 कोच अलग हो गए थे। बाद मे ट्रेन 21 कोच लेकर रवाना हुई।

बुखार से तड़प रही थी महिला, 108 के कर्मचारी की सूझबूझ से बची जान

दंतेवाड़ा : जिले में एंबुलेंस 108 के कर्मचारी एक बीमार महिला के लिए देवदूत बन गए। नक्सल प्रभावित इलाके के एक गांव में एंबुलेंस महिला के घर नहीं पहुंची। गांव के बाहर ही गाड़ी खड़ी रही। कर्मचारी पैदल ही मरीज के घर पहुंचे। महिला को कांवड़ के माध्यम से 108 तक पहुंचाया गया, फिर उसे जिला अस्पताल लाया गया।

दरअसल, यह मामला जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्र नहाड़ी गांव का है। इस गांव की रहने वाली महिला लक्खे (45) पिछले 3 दिनों से बुखार और पेट दर्द से जूझ रही थी। उसे शरीर में झटके भी आ रहे थे। सूचना परिजनों ने एंबुलेंसकर्मियों को दी। शनिवार को 108 के EMT श्यामलाल कश्यप और पायलट अब्दुल सब्बीर गांव के बाहर तक पहुंच गए।

गांव के अंदर और जिस पारा में महिला रहती थी, वहां पहुंचने सड़क नहीं थी। महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए कर्मचारी पैदल ही उसके घर पहुंच गए। फिर परिजनों और ग्रामीणों की मदद से लकड़ी के खाट को उल्टाकर उस पर महिला को लिटाया।

कांवड़ में ढोकर फिर घर से करीब 3 से 4 किमी तक पैदल चले। महिला को एंबुलेंस 108 तक पहुंचाया। जिसके बाद उसे वहां से दंतेवाड़ा जिला अस्पताल लाया गया।

CG Crime News : लाखों रुपए कैश के साथ 6 जुआरी गिरफ्तार, जंगल में पुलिस की रेड

रायगढ़ : घरघोड़ा टीआई अमित कुमार तिवारी ने छापेमारी कर जुआरियों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम कटंगडीह के जंगल में मेन रोड किनारे कुछ लोग हार-जीत के नाम पर ताश के पत्तों से जुआ खेल रहे हैं। सूचना की पुष्टि के बाद टीआई अमित कुमार तिवारी ने हमराह स्टाफ और गवाहों के साथ ग्राम कटंगडीह की ओर रवाना होकर घेराबंदी की। पुलिस को देख कुछ जुआरी भागने में सफल रहे, जबकि 6 आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल ₹1,24,940 नगद, 52 पत्तों की ताश, और एक चटाई बरामद की।

आरोपियों के खिलाफ धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिशेध अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की गई। आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया और उनके खिलाफ पृथक से धारा 170/126,135(3) BNSS के तहत प्रतिबंधात्मक कार्यवाही कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।

इस रेड कार्रवाई में घरघोड़ा थाना प्रभारी अमित कुमार तिवारी के साथ सहायक उप निरीक्षक राम सजीवन वर्मा, आरक्षक किशोर कुमार राठौर, राजेश कुमार राठौर, चंद्रशेखर चंद्राकर, भानु प्रताप चंद्रा, और दीप रोशन एक्का शामिल थे।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम

1. रब्बुल खान (उम्र 32 वर्ष), निवासी झरियापाली

2. राजेश महंत (उम्र 31 वर्ष), निवासी चारभांठा

3. शाहिद खान (उम्र 32 वर्ष), निवासी झरियापाली

4. मनोज अग्रवाल (उम्र 44 वर्ष), निवासी नवापारा टेण्डा

5. प्रकाश पटैल (उम्र 33 वर्ष), निवासी भेंगारी

6. कैलाश अग्रवाल (उम्र 49 वर्ष), निवासी नवापारा टेण्डा