Home Blog Page 185

बालको ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर वितरित किये स्पोर्ट्स किट

बालकोनगर, 28 अगस्त 2024। वेदांता समूह की कंपनी भारत एल्यूमिनियम कंपनी लिमिटेड (बालको) ने राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर समुदाय के युवाओं को स्पोर्ट्स किट वितरित किये। कंपनी ने इस पहल से खेल को जमीनी स्तर पर बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। पहल का उद्देश्य युवाओं में खेल क्षमता का विस्तार और खेल भावना की संस्कृति को बढ़ावा देना है। कंपनी निरंतर समुदाय के युवाओं की प्रतिभाओं में बढ़ावा देने के लिए कटिबद्ध है।

स्पोर्ट्स किट में बैडमिंटन, हॉकी, क्रिकेट, फुटबॉल, बास्केटबॉल और वॉलीबॉल जैसे विभिन्न खेलों के समान शामिल थे। वित्तवर्ष 2025 में कंपनी ने 5 समुदाय स्पोर्ट्स किट वितरित किए गए हैं। किट वितरण के साथ ही निकट भविष्य में खेलों को बढ़ावा देने तथा अधिक क्षेत्रों में विस्तारित करने की योजना है। कंपनी के इस पहल से अभी तक 3,700 से अधिक लाभान्वित हुए हैं। पहल की मदद से उन्हें अपने खेल कौशल को विकसित करने के लिए आवश्यक उपकरण और अवसर प्राप्त हुए हैं। कंपनी का उद्देश्य है कि इस पहल का लाभ ऐसे क्षेत्रों के युवाओं को मिले जहाँ ऐसे संसाधनों तक पहुँच सीमित है। इससे उन्हें नियमित खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों। अगली पीढ़ी के एथलीटों में खेल भावना और स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के लिए समर्पित है। इस प्रोत्साहन से मौजूदा खेल समितियों को पुनर्जीवित और मजबूत किया है। स्थानीय स्टेकहोल्डर के समर्थन से नई समितियों के गठन को भी बढ़ावा दिया है।

बालको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं निदेशक श्री राजेश कुमार ने कहा कि ओलंपिक में भारतीय एथलीटों के उल्लेखनीय प्रदर्शन ने एक बार फिर हमारे युवाओं की अपार क्षमता को उजागर किया है। हम विभिन्न अवसर, संसाधन और प्रशिक्षण क्षमताओं को बढ़ाकर जमीनी स्तर पर खेलों को प्रोत्साहित करने में विश्वास करते हैं। उचित खेल संसाधन तक पहुँच सुनिश्चित करने तथा नियमित खेल अवसरों से हम भविष्य के चैंपियन के लिए नींव रख रहे हैं। ऐसे पहल एक स्वस्थ जीवन शैली को बढ़ावा देने के साथ युवाओं को खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करती है। खेल में प्रतिभाशाली युवाओं के प्रोत्साहन और सशक्तिकरण से वैश्विक मंच पर हमारे देश को स्पोर्ट्स क्षेत्र में मजबूती मिलेगी।

पहल की सराहना करते हुए सोनपुरी की सरपंच मीना बाई कंवर ने कहा कि बालको हमेशा स्थानीय समुदाय की जरूरतों को पूरा करने के लिए समर्पित रहा है। कंपनी अपने विकास परियोजनाओं स्वास्थ्य, शिक्षा और आजीविका क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाने में सफल रहा है। उन्होंने कहा कि समुदाय में खेल उपकरण वितरित करने का कार्य सराहनीय है क्योंकि यह शारीरिक गतिविधि और खेलों को प्रोत्साहित करेगा जिससे स्वस्थ समुदाय का निर्माण होगा।

बालको ने हमेशा समुदाय के युवाओं में खेल और शारीरिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। बालको बालकोनगर में डॉ. बी.आर. अंबेडकर स्टेडियम का प्रबंधन करता है जो स्थानीय युवाओं और बच्चों को अपने खेल कौशल को विकसित करने और निखारने के लिए एक महत्वपूर्ण स्थान प्रदान करता है। स्टेडियम खेलने की सुविधा प्रदान करने के साथ युवाओं और बच्चों का प्रिय स्थान है। स्टेडियम में हर महीने लगभग 9,000 खेलप्रेमी अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हैं। खिलाड़ी क्रिकेट, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, हॉकी, कबड्डी और तायक्वोंडो आदि खेलों के लिए इसका उपयोग करते हैं। बालको महत्वाकांक्षी एथलीटों को अपने संबंधित खेलों में आगे बढ़ने के लिए मदद कर रहा है। उन्हें सफल होने के लिए आवश्यक कौशल और आत्मविश्वास के साथ अपने सपनों को आगे बढ़ाने के लिए सशक्त बना रहा है। शारीरिक गतिविधि एवं खेल प्रतिस्पर्धा के साथ-साथ स्टेडियम युवाओं के एथलेटिक क्षमता को विकसित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करता है।

CRIME NEWS : दो बोरियों में शव के टुकड़े, हत्यारा निकला पति, भयानक खुलासा हुआ

बलरामपुर: यूपी के बलरामपुर में पत्नी पर शक ने पति को ऐसा वहशी बना दिया जिसे जानने के बाद हर कोई हैरान है। पति ने हॉलीवुड फिल्म से आइडिया लेकर पत्नी की हत्या कर दी और शव के छह टुकड़े कर बलरामपुर से लेकर अयोध्या तक शरीर के हिस्से फेंक दिए। एक हिस्सा अयोध्या की सरयू में भी फेंक दिया था। वारदात छह अगस्त को अंजाम दिया गया था। दो बोरियों में शव के कुछ टुकड़े देहात क्षेत्र के अजबनगर कमरिहवा जाने वाली सड़क पर बरामद करने के बाद जांच में जुटी पुलिस ने मंगलवार को हत्यारे पति को दबोच लिया। उसके पास से बाइक, मृतका का मोबाइल, हत्या में प्रयुक्त लोहे की आरी, चापर, हेक्सा ब्लेड व इलेक्ट्रानिक कटर मशीन बरामद हुई है।

छह अगस्त 2024 को डायल 112 की पीआरडी 5453 पर तैनात कर्मियों ने थाना देहात को सूचना दी कि सड़क किनारे दो बोरियों में शरीर के अवशेष भरे पड़े हैं। खोलकर देखा गया तो मानव का शव पाया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला का शव होने की पुष्टि हुई, जिसका मुकदमा थाना देहात में दर्ज किया गया। घटना का अनावरण करने के लिए एसपी विकास कुमार के नेतृत्व में अपर पुलिस अधीक्षक नम्रिता श्रीवास्तव के सह नेतृत्व व सीओसीटी बृजनन्दन राय के पर्यवेक्षण में एसआईटी टीम गठित की गई।

मुख्य विवेचक कोतवाली देहात के प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश सिंह, सह विवेचक निरीक्षक सत्येन्द्र बहादुर सिंह, क्राइम ब्रांच प्रभारी आशीष कुमार सिंह, सर्विलांस व साइबर टीम को घटना का खुलासा करने के लिए लगाया गया। घटनास्थल के आस पास सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए, लेकिन महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी। 15 जिलों में दर्ज करीब 500 गुमशुदा महिलाओं के गुमशुदगी की जांच कराई गई। उनके परिजनों से पूछताछ का नतीजा भी सिफर रहा।

घटनास्थल के सबसे निकट अगरहवा चौराहे पर सीसीटीवी फुटेज निकाले गए। जिसमें दिखा कि छह अगस्त को प्रात: एक संदिग्ध व्यक्ति बाइक पर सफेद बोरी बांधकर घटना स्थल की ओर जाता दिखा है। फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति को ट्रेस किया गया। संदिग्ध व्यक्ति अगहरवा चौराहे से बलरामपुर-गोण्डा मार्ग होते हुए इटियाथोक सुभागपुर अग्रसेन चौराहा तक दिखाई दिया।

 

सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध व्यक्ति का बाइक नम्बर भी मिल गया। वह बाइक शंकर दयाल गुप्ता पुत्र राधेश्याम गुप्ता निवासी 260 रानी बाजार बड़गांव कोतवाली गोंडा के नाम दर्ज पाई गई। संदिग्ध के घर जांच की गई तो वहां ताला लगा मिला। आसपास के लोगों ने बताया कि वाहन स्वामी घर में पत्नी व बेटे के साथ रहता है। कई दिनों से दुर्गंध निकल रही है।

सेलफोन नम्बर मिलते ही सर्विलांस टीम को सक्रिय कर दिया गया। मंगलवार को रेलवे स्टेशन से शंकर दयाल गुप्ता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने अपनी बाइक संयुक्त पार्किंग में खड़ी की थी। शंकर दयाल के बताने पर घटना में प्रयुक्त लोहे की आरी, चापर, हेक्सा ब्लेड (आरी), इलेक्ट्रानिक कटर मशीन व अन्य सामान बरामद कर लिया। मृतका का मोबाइल इटियाथोक में बरामद हुआ। पुलिस ने उसकी बाइक को भी कब्जे में ले लिया।

 

पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने बताया कि शंकर दयाल की पत्नी का नाम गुड़िया पाण्डेय उर्फ नीतू पाण्डेय था। उसका विवाह वर्ष 2023 में शंकर दयाल के साथ हुआ था। शंकर दयाल को अपनी पत्नी की चरित्र पर संदेह था। उसके व गुड़िया के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। शंकर दयाल ने 30 जुलाई को ही गुड़िया को मारने की योजना बनाई थी। एक अगस्त को गुड़िया का गला रेतकर हत्या कर दी। उसके शरीर को ब्लेड व इलेक्ट्रानिक कटर से काटकर तीन हिस्सों में बांट दिया। छह अगस्त को दो बोरियां लाकर बलरामपुर के थाना देहात क्षेत्र में फेंक दिया। सात अगस्त को एक बोरी ले जाकर अयोध्या स्थित सरयू नदी पुल के नीचे फेंका। वह वापस गोंडा आकर लखनऊ के लिए फरार हो गया।

गुड़िया की हत्या शंकर दयाल ने हॉलीवुड फिल्म देखकर बनाई थी। जिस तरह फिल्मों में शव के टुकड़ों को अलग-अलग स्थानों पर फेंकना दिखाया जाता है, ठीक उसी तरह शंकर दयाल ने किया। बताया जाता है कि शंकर दयाल ने पहले से दो शादी कर रखी थी। गुड़िया के साथ उसकी तीसरी शादी थी। पहली पत्नी से एक बेटा है जो शंकर दयाल के साथ रहता है। दूसरा विवाद तुलसीपुर में होना बताया जाता है। दूसरी पत्नी ने शंकर दयाल को छोड़ दिया। शंकर दयाल ने छुटकारा पाने के लिए तीसरी पत्नी की हत्या कर दी।

2 करोड़ की लूट का LIVE वीडियो, मालिक सदमे में आया

सुल्तानपुर: सुल्तानपुर के ठठेरी बाजार में जिस ज्वेलरी शॉप पर दिनदहाड़े डकैती डालकर दो करोड़ रुपये की लूट को अंजाम दिया गया, वो शॉप पुलिस थाने से महज 500 की दूरी पर है. इस वारदात को अंजाम देने के नकाबपोश बदमाश हथियार लेकर दुकान के अंदर घुसे और 10 से 15 मिनट में ही इतनी बड़ी लूट को अंजाम दे दिया. उसके बाद पिस्टल लहराते हुए बाइकों से भाग गए.
दुकान के सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहा है कि दुकान में डकैती की इस वारदात को पांच बदमाशों ने अंजाम दिया था. इनमें से कुछ बदमाश हेलमेट लगाकर आए थे तो कुछ ने कपड़े से अपना चेहरा ढका हुआ था. उनके हाथों में पिस्तौलें थीं. दुकान से सोना-चांदी के जेवर और कैश उठाने के बाद वो दुकान से फरार हो गए.
पीड़ित कारोबारी भरत सोनी ने पुलिस को बताया कि दुकान में घुसते ही डकैतों ने पिस्तौलें तान दीं और वहां मौजूद सभी लोगों का सिर झुका दिया. फिर सीधे लॉकर और कैशबॉक्स तक पहुंच गए. सिर नीचे किए जाने की वजह से कोई भी डकैतों का हुलिया नहीं देख सका. इतना ही नहीं डकैतों ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की डीबीआर ले जाने की कोशिश भी की. दुकान में डकैती ये पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. पुलिस ने आगे की जांच-पड़ताल के लिए डीबीआर को अपने कब्जे में ले लिया है.
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, ज्वेलर्स ने पुलिस में जो शिकायत दर्ज कराई है, उसमें दो करोड़ रुपये की ज्वेलरी की लूट बताई है. वहां मौजूद लोगों ने बताया कि दो बाइकों से पांच बदमाश आए थे. उनमें से तीन हेलमेट पहने हुए थे, जबकि दो अपना चेहरा ढंका हुआ था. भरत सोनी और उसका छोटा बेटा काउंटर पर बैठे हुए थे. इसी दौरान हेलमेट लगाए हुए दो बदमाश आए और उन्होंने पिस्तौल तान दी. उन्होंने बेग देते हुए ज्वेलरी और कैश उसमें भरने की धमकी दी. बदमाश इस वारदात को अंजाम देकर 10 मिनट के अंदर प्रयागराज हाईवे की ओर बाइक से भाग गए.
इस घटना की सूचना पर अयोध्या मंडल के आईजी प्रवीण कुमार और एसपी सोमन तुरंत मौके पर पहुंचे. आईजी ने बताया कि डॉग स्क्वॉयड और फॉरेंसिक टीम लगाई गई है. बदमाशों को पकड़ने के लिए पांच टीमों का गठन किया गया है. उन्होंने दावा किया जल्द ही बदमाशों को पकड़ कर रिकवरी करवाई जाएगी. आईजी ने कहा कि लूट के अमाउंट को लेकर कैलकुलेशन किया जा रहा है, फिलहाल शुरुवाती सुराग पर पुलिस काम कर रही है.
जिस ज्वेलरी शॉप पर ये वारदात हुई वह वातानुकूलित है. शटर के भीतर दुकान का बाहरी हिस्सा कांच से घिरा हुआ है और दरवाजा भी कांच का है. इस कांच पर ऐसी फिल्म लगी है, जिसकी वजह से अंदर बैठा हुआ व्यक्ति बाहर सबकुछ देख सकता है, लेकिन बाहर का व्यक्ति अंदर कुछ नहीं देख सकता. ऐसा लगता है कि जिन बदमाशों ने इस वारदात को अंजाम दिया, उन्होंने अच्छी तरह दुकान की रेकी की थी, उन्हें दुकान के बारे में हर छोटी-बड़ी चीज पता थी, जिसका उन्होंने फायदा उठाया. इतना ही नहीं अंदर की चीख-पुकार भी कांच की वजह से बाहर नहीं जा सकती.

छत्तीसगढ़-ओडिशा के बीच डबल रेल लाइन को मंजूरी, रायगढ़ में बनेंगे 2 नए रेलवे स्टेशन

रायपुर : केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ में डबल रेल लाइन परियोजना को मंजूरी दी है। इस परियोजनाओं की कुल लागत करीब 1,360 करोड़ रुपए हैं। इसमें 2 नए रेलवे स्टेशन भी बनेंगे। इसके अलावा प्रदेश में 9 नए FM चैनल भी स्वीकृत किए गए हैं।

PM नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई कैबिनेट मीटिंग में रेलवे की कुल 6,456 करोड़ की 3 परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इससे छत्तीसगढ़, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के 7 जिलों को कवर किया जाएगा।

6 बड़े, 4 छोटे पुल, 20 फ्लाई ओवर बनेंगे

परियोजना के तहत रायगढ़ के थांगरघाट और धौरभांठा 2 नए रेलवे स्टेशन बनाए जाएंगे। इसके तहत छत्तीसगढ़ के भालुमुड़ा में 21 किमी लाइन कवर होगी। साथ ही यात्री ट्रेनों की गति सीमा 160 किमी प्रति घंटा हो जाएगी। ये परियोजना पीएम-गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान का हिस्सा है।

डबल लाइन के साथ ही छत्तीसगढ़ में 6 बड़े और 4 छोटे पुल बनाए जाएंगे। इसके अलावा 20 रेल फ्लाई ओवर और अंडरब्रिज भी होंगे। दरअसल, से ट्रैक तीन नदियों बसुंधर, बरहाझारला और केलो से होकर निकलेगा। इसके लिए रायगढ़ में 125.89 हेक्टेयर भूमि लगेगी।

सररदेगा-भालुमुड़ा नई डबल लाइन परियोजना का फायदा

 

  • सरदेगा से भालुमुड़ा के बीच परिवहन के लिए कोई बस सेवा नहीं है।
  • इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आदिवासी आबादी है। इनके बीच सांस्कृतिक-सामाजिक संबंध हैं।
  • इस रेल लाइन के निर्माण से आस-पास के गांवों के निवासियों को फायदा होगा ।
  • 25 लाख दिनों के लिए श्रमिकों को रोजगार मिल सकेगा।
  • अभी कार्बन उत्सर्जन 84 करोड़ किलोग्राम है, इसकी बचत होगी।
  • छत्तीसगढ़ में मौजूदा भालुमुड़ा और दो नए स्टेशन (थांगरघाट, धौरभांठा) बनेंगे।

CG News : पहाड़ी पर एक शख्स की पेड़ से लटकी सड़ी-गली लाश मिलने से मचा हड़कंप, मामले की जांच में जुटी पुलिस

बालोद : डौंडी में कोकान मंदिर के पास पहाड़ी पर एक शख्स की नग्न अवस्था में पेड़ से लटकी सड़ी-गली लाश मिलने से हड़कंप मच गया. लाश मिलने की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को कब्जे में लिया और मामले की जांच में जुट गई। पुलिस के अनुसार, यह शव लगभग 4 से 5 दिन पुराना है और मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष के आसपास है. मामला डौंडी थाना क्षेत्र का है.

पुलिस के मुताबिक शव के पास फाँसी के लिए इस्तेमाल किए गए कपड़े भी मिले हैं, जिससे यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है. हालांकि, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और आत्महत्या के साथ-साथ हत्या या अन्य किसी घटनाक्रम की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता. डौंडी पुलिस ने अज्ञात मृतक की शिनाख्त के लिए लोगों से अपील की है. पुलिस ने कहा है कि अगर किसी को किसी गुमशुदा व्यक्ति की तलाश है तो वह तुरंत थाने से संपर्क कर शिनाख्त करने में पुलिस की मदद करे.

CG में वज्रपात के साथ भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर : प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ले ली है। आज और कल कई जिलों में भारी बारिश होने का आसार है। मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के अधिकांश जिलों में मध्यम वर्षा व एक दो स्थानों पर वज्रपात व भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है।

बता दें कि बीते एक सप्ताह से राजधानी रायपुर समेत प्रदेश में बारिश की गतिविधियां कमजोर हुई जिसके असर से बुधवार को रायपुर में दिन का पारा 34 डिग्री से ज्यादा दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे गर्म जिला डोंगरगढ़ रहा। यहां 34.3 डिग्री अधिकतम तापमान रहा।

एक जून 2024 से अब तक राज्य में 892.1 मिमी औसत वर्षा दर्ज की जा चुकी है। राज्य के विभिन्न जिलों में 01 जून 2024 से आज 28 अगस्त सवेरे तक रिकार्ड की गई वर्षा के अनुसार बीजापुर जिले में सर्वाधिक 1862.9 मिमी और सरगुजा जिले में सबसे कम 497.8 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी है। राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से प्राप्त जानकारी के अनुसार एक जून से अब तक सूरजपुर जिले में 909.1 मिमी, बलरामपुर में 1312.8 मिमी, जशपुर में 767.5 मिमी, कोरिया में 927.2 मिमी, मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 904.9 मिमी औसत वर्षा दर्ज की गयी।

सब इंजीनियर को मंत्री ने नौकरी से निकाला, बिल्डिंग निर्माण में अनियमितता का उजागर

दुर्ग : प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने दुर्ग में आयोजित कोसरिया यादव समाज के कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे, इस बीच वे एक्शन मोड में नजर आए. कार्यक्रम के बाद स्वास्थ्य मंत्री अचानक दुर्ग जिला अस्पताल का निरीक्षण करने पहुंचे. इस दौरान जिला स्वास्थ्य अधिकारी के साथ ही स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया और पूरा अमला अलर्ट मोड पर आ गया.

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री को स्वास्थ्य विभाग की महिला आईशोलेशन वार्ड के निर्मित बिल्डिंग के निर्माण कार्य में हुए भारी अनियमितता की जानकारी मिली. जिसके बाद स्वाथ्य मंत्री ने तत्काल भवन का मुआयना किया. जिला अस्पताल दुर्ग में 80 लाख की लागत से महिला आइसोलेशन वार्ड के निर्माण में हुए भारी अनियमित को देखते हुए सीजीएमएससी के सब इंजीनियर ललित वर्मा को तुरंत बर्खास्त करने का आदेश जारी किया.

दरअसल, इस बिल्डिंग के निर्माण के बाद से ही छत बैंड होकर नीचे झुकने लगा, जिसकी लीपापोती भी ठेकेदार की ओर से करा दी गई थी. वहीं छत डैमेज होने के बाद डॉक्टरों ने वहां से सभी महिला मरीजों को अन्य वार्ड में शिफ्ट कर दिया था. इसके साथ ही जिला चिकित्सालय में मरीज की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए जिला स्वास्थ्य अधिकारी से इस्टीमेट बनाकर भेजने का आदेश दिया और आवश्यक कार्यों को जल्द पूरा करने के लिए फंड जारी करने का आश्वासन भी दिया.

त्रिपुरा में बाढ़ से हाहाकार, काल के गाल में समाईं 31 जिंदगियां; राहत के लिए तैनात कई केंद्रीय टीम

बाढ़ की त्रासदी झेल रहे पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा में कई जिंदगियां काल के गाल में समा गई हैं। भयानक बाढ़ के कारण अब तक 31 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि दो लोग घायल हो गए हैं और एक व्यक्ति अभी भी लापता है। बाढ़ के कारण सैकड़ों लोग बेघर हो गए हैं। इस गंभीर स्थिति का आकलन करने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय के संयुक्त सचिव बी.सी. जोशी के नेतृत्व में एक अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम (IMCT) बुधवार को त्रिपुरा पहुंची।

इस टीम में कृषि, वित्त, परिवहन, जल संसाधन और ग्रामीण विकास जैसे विभिन्न क्षेत्रों के अधिकारी शामिल हैं। त्रिपुरा के राहत, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन विभाग ने एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा, “अंतर-मंत्रालयी केंद्रीय टीम (IMCT) ने त्रिपुरा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने के लिए अगरतला में दौरा किया है।” टीम के सदस्यों ने राज्य सरकार के अधिकारियों के साथ कई बैठकें करने और विशेष रूप से पश्चिम, गोमती, सिपाहीजला और दक्षिण जिलों में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने की योजना बनाई है।

राहत, पुनर्वास और आपदा प्रबंधन विभाग की नवीनतम रिपोर्ट के अनुसार, 369 राहत शिविरों में 53,356 से अधिक लोगों को आश्रय दिया गया है। पिछले तीन दिनों में वर्षा की मात्रा में कमी आई है और सोनामुरा में गोमती नदी का जलस्तर भी घटकर अब सामान्य स्तर पर आ गया है लेकिन यह अभी भी बाढ़ स्तर से ऊपर है। बाढ़ राहत कार्यों में राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की तीन टीमों और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) की दो टीमों के साथ-साथ 500 सिविल डिफेंस और आपदा मित्र स्वयंसेवक भी जुटे हुए हैं।

मुख्यमंत्री डॉ. माणिक साहा ने मंगलवार को बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने तत्काल राहत और तेजी से पुनर्वास कार्यों पर जोर देते हुए, शुद्ध पेयजल, स्वच्छता और राहत शिविरों में स्वास्थ्य सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, बिजली की लाइनों की बहाली और शैक्षणिक संस्थानों के पुनः खोलने पर भी बल दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त मात्रा में ब्लीचिंग पाउडर और हैलोजन टैबलेट्स का भंडार रखने के लिए भी कहा गया है, जो आवश्यकता पड़ने पर पड़ोसी राज्यों से मंगवाने के लिए तैयार रखा जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग ने इस दिशा में कदम उठाते हुए 2000 बैग ब्लीचिंग पाउडर, 2 लाख ओआरएस पैकेट्स, बड़ी मात्रा में हैलोजन टैबलेट्स, जिंक टैबलेट्स और अन्य दवाइयों की खरीद का निर्णय लिया है। इसके साथ ही, जिले के मजिस्ट्रेटों को भी पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अब तक, 1799 स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया है, जिनमें 42,800 से अधिक लोगों का इलाज किया गया है। डॉक्टरों ने राहत शिविरों में 1207 बार दौरा कर 35,993 लोगों का इलाज किया है।

 

किसान की जमीन खरीदकर नहीं दिए 20 लाख रूपये, भू माफिया और दलाल पर FIR दर्ज

जशपुर : भू माफिया और दलाल के चंगुल में फंस कर किसान अपनी पूरी खेती की जमीन गंवा बैठा। भू माफिया ने अनपढ़ किसान को मुर्गा भात खिला कर पूरी जमीन की रजिस्ट्री करा ली। ज़ब पीड़ित किसान ने मामले की शिकायत की तो आरोपित ने उसके खाते में 5 लाख रूपये डाल दिए।

गाँव में रहने वाला दलाल घूरवा उर्फ़ जगमोहन राम उसके पास आया और 20 डिसमिल जमीन बिकवाने का झांसा देकर उससे पर्चा पट्टा ले लिया। पीड़ित के अनुसार कुछ दिन बाद जगमोहन ने उसे आरोपित सफदर हुसैन से मिलवाया और 20 लाख रूपये 1 एकड़ 26 डिसमिल जमीन बेचने की सहमती बनी। पीड़ित के अनुसार आरोपित दलाल और सैयद सफदर हुसैन ने उसे 26 सितंबर 2023 को कार में बैठा कर लोरो लाए और यहाँ एक ढाबा में बैठा कर उसे मुर्गा भात खिलाया।

कुनकुरी पुलिस द्वारा कार्रवाई ना किए जाने पर, कलेक्टर डा रवि मित्तल ने कुनकुरी के अनुविभागीय अधिकारी को मामले की जांच का आदेश दिया। इस जांच में पीड़ित किसान बुधन राम की शिकायत की पुष्टि होने पर कुनकुरी के तहसीलदार की शिकायत पर कुनकुरी पुलिस ने आरोपित सैय्यद सफदर हुसैन और जगमोहन राम के विरुद्ध धारा 420 और 34 के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध किया है।

आदेश स्थगित : तोता और दूसरे पक्षी घरों में पाल सकेंगे

रायपुर : वन विभाग ने तोतों की बिक्री और उसके पालने वालों के खिलाफ कार्रवाई फिलहाल रोक दी है। लोग तोते के अलावा अन्य घरेलू पक्षी पाल सकेंगे। विभाग की ओर से इन पक्षियों की बिक्री और पालने के संबंध में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय एवं वन्यप्राणी प्रभाग से मार्गदर्शन मांगा गया है। अफसरों के अनुसार जब तक केंद्रीय मंत्रालय से दिशा निर्देश जारी नहीं होते तब तक कार्रवाई स्थगित रहेगी।

नवा रायपुर स्थित प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख ने 23 अगस्त को ही तोतो एवं अन्य पक्षियों की बिक्री करने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए थे। साथ ही उन्होंने घरों में तोता पालने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जब्त करने के निर्देश दिए थे। उसी आदेश को स्थगित करने की घोषणा की गई है। सभी मुख्य वन संरक्षक एवं वनमंडलाधिकारियों को चिट्‌ठी भेज दी गई है। इसमें कहा गया है कि तोतों एवं अन्य पक्षी जो घरों में पाले गए हैं, उनके संबंध में फिलहाल कार्यवाही स्थगित रखी जाए।