Home Blog Page 176

कच्चा मकान ढहने से महिला की मौत, घटना के समय पका रही थी खाना

रायगढ़ : रायगढ़ में कच्चा मकान ढहने से मलबे में दबकर एक महिला की मौत हो गई। घटना सुबह 5 बजे की है, गुरुवारी धनवार घर पर नाश्ता बना रही थी तभी हादसा हो गया। लोगों के मुताबिक रायगढ़ में बीते दिनों हुई लगातार बारिश से मकान कमजोर हो गया था, और आज सुबह भरभराकर गिर गया।

बस्तर संभाग के 4 जिलों में आज भारी बारिश हो सकती है। बीजापुर में ऑरेंज और दंतेवाड़ा, सुकमा, नारायणपुर में यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अन्य जिलों में अगले 3 दिनों तक बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी। इससे दिन का पारा चढ़ेगा और गर्मी सताएगी।

बता दें कि 1 जून से 1 सितंबर तक प्रदेश में 972.1 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है जो औसत से 3% अधिक है। अब तक 942.01 मिमी बारिश हो जानी थी लेकिन 30 मिमी अधिक पानी बरसा है। 5 जिलों में औसत से अधिक बारिश हुई है, 5 जिले ऐसे हैं जहां कम पानी बरसा है। बाकी जिलों में सामान्य वर्षा हुई है।

सीएम हाउस में पोला तीजा पर उमड़ी भीड़, प्रवेश रोका गया

रायपुर : सीएम हाउस में आयोजित पोला तीजा उत्सव में महिलाओं की भारी भीड़ को देखते हुए व्यवस्था अनियंत्रित होने लगी है। प्रशासन ने तीन हजार महिलाओं को आमंत्रित किया था। बढ़ती भीड़ को देखते हुए सीएम हाउस में प्रवेश रोक दिया गया है। गेट बंद कर दिया गया है।

यह भी पढ़े – तीजा, पोरा तिहार के अवसर पर मुख्यमंत्री निवास में पहुंची बहनों के लिए विशेष रूप से छत्तीसगढ़ व्यंजन तैयार करवाए गए हैं। यहां माता, बहनों के करू भात के लिए पारंपरिक भोजन बनवाया गया है। जिसमें करेला चना, खेकशी, कढ़ाई पनीर, आलू मटर टमाटर ,कढ़ी पकौड़ा, दाल फ्राई, चावल, रोटी, पूड़ी, देहाती बड़ा, आलू चाप, मिर्ची पकौड़ा, चटनी २ प्रकार, गुलाब जामुन, बेसन बर्फी, अचार, पापड़, सलाद की व्यवस्था की गई है।

मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की तरफ से तीजा पोरा त्यौहार मनाने आई महिलाओं को अपने विष्णु भैया से उपहार में मिली लाख की चूड़ियां, यहां आए कारीगर बहनों को उनकी नाप की चूड़ियां तैयार करके दे रहे हैं।

पश्चिम बंगाल विधानसभा में ममता सरकार पेश करेगी रेप विरोधी बिल, बीजेपी का भी साथ

कोलकाता के अस्पताल में महिला डॉक्टर से रेप और हत्या की घटना के बाद सत्ताधारी टीएमसी सवालों के घेरे में है। टीएमसी के कई नेताओं के बयान भी मुश्किल खड़ी कर रहे हैं। इस बीच पूर्व सांसद कुणाल घोष रविवार को पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने पीड़िता के पिता से पार्टी के रवैये में सुधार का भी वादा किया। घोष ने बाद में बताया कि पीड़िता के पिता ने कहा है कि वे यही चाहते हैं कि दोषी जल्द से जल्द पकड़े जाएं। इसकते अलावा बंगाल की सत्ताधारी पार्टी सीबीआई जांच को तेजी से आगे बढ़ाने में सहयोग करे। पीड़िता के पिता ने घोष के साथ हुई बातचीत पर टिप्पणी करने से इनकार दिया।

पश्चिम बंगाल सरकार राज्य में रेप विरोधी कानून बनाने के लिए दो दिन का विधानसभा का विशेष सत्रा बुला रही है। यह विशेष सत्र आज से ही शुरू हो रहा है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री ममता बनर्जी विधानसभा में विधेयक पेश कर सकती हैं। इस विधेयक का समर्थन बीजेपी भी कर सकती है। कुणाल घोष और मृतका के परिवार के बीच एक घंटे तक मुलाकात हुई। इससे पहले शुक्रवार को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और पार्टी महासचिव अभिषेक बनर्जी भी परिवार से मिले थे।

घोष ने बताया कि उन्होंने पीड़िता के पिता से कहा है कि अगर उनके या फिर पार्टी के किसी नेता के बयान को लेकर उन्हें कोई कन्फ्यूजन होता तो वह तुरंत अलर्ट कर सकते हैं। हो सकता है कि पार्टी ने कुछ छोड़ दिया हो या फिर किसी पार्टी नेता ने ऐसा बयान दिया हो जिससे उनको दुख पहुंचा हो। उन्होंने कहा, पीड़िता के पिता से कहा है कि अगर किसी सुधार की जरूरत है तो वह तुरंत बताएं। तुरंत कोर्स करेक्शन किया जाएगा।

घोष ने कहा कि पिछले कुछ सप्ताह से उन्हें कई राजनीतिक बहस में हिस्सा लेना पड़ा। हो सकता कि उन्होंने अनजाने में कुछ बोल दिया हो जिससे पीड़िता के परिवार को दुख पहुंचा हो। उन्होंने कहा, मैंने परिवार को भरोसा दिलाने की कोशिश की कि दोषियों को पकड़ने में प्रशासन कोई लापरवाही नहीं बरत रहा है।

पीड़िता के पिता ने कुणाल घोष के साथ हुई बातचीत के बारे में टिप्पणी नहीं की लेकिन प्रस्तावित विधेयक को लेकर कहा, इस तरह के अपराध के लिए कड़े कानून की जरूरत हमेशा ही रही है। लेकिन पहले प्रशासन को पारदर्शिता सुनिश्चित करनी चाहिए जिससे कि अपराधी गिरफ्तार हों। जब तक अपराधी ही नहीं पकड़ में आएगा, कड़े कानून क्या कर लेंगे। जानकारी के मुताबिक पश्चिम बंगाल सरकार के प्रस्तावित विधेयक में रेप के दोषियों को सजा-ए-मौत या फिर उम्रकैद की बात कही गई है।

थाने में हत्या के आरोपी की आत्महत्या पर बवाल, 3 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज

मुरैना: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में हत्या के मामले में गिरफ्तार 31 साल के आरोपी का शव रविवार की सुबह पुलिस थाने में लटका हुआ मिला. पुलिस को शक है कि यह आत्महत्या का मामला है. वहीं विपक्षी दल कांग्रेस ने कहा कि मृतक दलित था और दावा किया कि पुलिस ने दलित समुदाय के लोगों को निशाना बना रही है. इस मामले में बवाल बढ़ने के बाद तीन पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है.
एसडीएम भूपेंद्र सिंह कुशवाहा ने न्यूज एजेंसी पीटीआई को बताया कि बालकृष्ण जाटव उर्फ सनी का शव सुबह करीब 5.30 बजे सिविल लाइंस थाने के अंदर खिड़की से बंधे कपड़े से लटका हुआ मिला था. उन्होंने बताया कि ग्वालियर के रहने वाले सनी को अपने जीजा की हत्या करने के आरोप में शनिवार को गिरफ्तार किया गया था, जिसका शव पिछले दिसंबर में एक नहर के पास मिला था. हालांकि सनी के परिवार के लोगों ने दावा किया कि उसे चार दिन पहले हिरासत में लिया गया था.
घटनास्थल का दौरा करने के बाद एएसपी अरविंद ठाकुर ने कहा कि एसपी समीर सौरभ ने हिरासत में मौत के मामले में थाना प्रभारी और इंस्पेक्टर रामबाबू यादव, एक हेड कांस्टेबल और एक कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है. हालांकि प्रथम दृष्टता यह सुसाइड का मामला है. उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के दिशा-निर्देशों के अनुसार एक न्यायिक मजिस्ट्रेट हिरासत में मौत की जांच करेगा.
एएसपी ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा किया जा रहा है. जो भी साक्ष्य सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने आगे बताया कि सनी का आपराधिक रिकॉर्ड है और उसके खिलाफ पहले भी विभिन्न पुलिस स्टेशनों में चार से पांच मामले दर्ज हैं.
इस बीच, कांग्रेस ने इस घटना पर मुरैना के पुलिस अधीक्षक को बर्खास्त करने की मांग की है. एमपी कांग्रेस प्रमुख जीतू पटवारी ने एक्स पर लिखा, “क्या एमपी में दलित होना अपराध है? कटनी के बाद एक और दलित पुलिस के निशाने पर आ गया है.”
कटनी में पुलिस कस्टडी में एक दलित महिला और उसके पोते के साथ बुरी तरह मारपीट की गई थी, जिसका वीडियो पिछले सप्ताह की वायरल हुआ था.उस मामले में भी एक महिला पुलिस अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ एक्शन लिया गया था.
जीतू पटवारी ने पूछा कि भाजपा सरकार डॉ. अंबेडकर की विचारधारा वाले लोगों के खिलाफ इतनी नफरत क्यों कर रही है. उन्होंने धमकी दी है कि अगर मुरैना एसपी को बर्खास्त नहीं किया गया और पुलिसकर्मियों पर हत्या का मामला दर्ज नहीं हुआ तो वो अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठ जाएंगे. इस दौरान उन्होंने मृतक के बड़े भाई से फोन पर बात भी की. सनी के परिवार और परिचितों द्वारा उसकी मौत पर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस स्टेशन के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

युवाओं को वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दी खुशखबरी

रायपुर : प्रदेश के वित्त मंत्री ओपी चौधरी का बड़ा बयान सामने आया है। वित्त मंत्री ने प्रदेशवासियों को तीजा पोरा तिहार की बधाई दी। ओपी चौधरी ने कहा कि, प्रदेश में इस बार मानसून अच्छा रहा है। प्रदेश के लिए आज अच्छा दिन है, आज प्रदेश की महिलाओं को महतारी वंदन योजना की किश्त मिलने जा रही है। विष्णु सरकार में सब अच्छा चल रहा है।

बजट की तैयार पर वित्त मंत्री ने कहा कि, विष्णु सरकार के दूसरे बजट की तैयारी शुरू हो गई है। पहले बजट में कई योजनाओं को शुरू किया गया है। पिछली सरकार में कई कार्यो को सिर्फ दिखावे के लिए स्वीकृत किया गया था, उनके लिए बजट का प्रावधान हमारी सरकार ने किया है। वित्त मत्री ने कहा कि, नए बजट में युवाओं पर फोकस रहेगा। शहरी क्षेत्रों में आईटी सेक्टर को मजबूत करेंगे। बस्तर सरगुजा में पर्यटन को बढ़ाना देने की भी कोशिश रहेगी।

कर्ज लिए जाने पर ओपी चौधरी ने कहा कि, हमने RBI के नियम के तहत की कर्ज लिया है। GSDP (सकल राज्य घरेलू उत्पाद) के एक मानक अनुपात में ही कर्ज लिया जा सकता है। छत्तीसगढ़ में GSDP बढ़ रही है, इसलिए कर्ज ज्यादा मिल रहा है। वित्त मंत्री ने कहा कि, हम विकास की योजनाओं के लिए कर्ज ले रहे हैं। लेकिन, कांग्रेस ने अपनी जेब भरने के लिए कर्ज लिया।

CG CRIME: ATM से कैश चोरी करने वाला शातिर चोर गिरफ्तार

मुंगेली : जिले में ATM से चोरी का हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। शनिवार देर रात जरहागांव बस स्टैंड पर स्थित इंडिया वन बैंक के ATM में एक शातिर बदमाश ने सेंधमारी की कोशिश की, लेकिन वह अपने मंसूबों पर कामयाब हो पाता उससे पहले ही पुलिस ने उसे रंगे हाथों धर दबोचा। पुलिस की पूछताछ में उसने कई चौकाने वाले खुलासे किये जिसे सुनकर पुलिस भी दंग रह गई। बता दें कि पुलिस के हत्थे चढ़े शातिर चोर का नाम योगेन्द्र सिंह (उम्र 27 साल) पिता रामसिंह है, जो शंकर वार्ड मल्हापारा का रहने वाला है। एडीश्नल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि उप पुलिस महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गिरिजा शंकर जायसवाल ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई के साथ ही रात्रि गश्त को और सक्रिय करने का आदेश भी दिया हैं। जिसके परिपालन में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात 3 बजे जरहागांव बस स्टैंड पर स्थित इंडिया वन बैंक के एटीएम में एक व्यक्ति हथौड़ा और पेचकस के साथ सेंधमारी कर रहा था।

जैसे ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम वहां पहुंची, आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। एडीश्नल एसपी पंकज पटेल ने बताया कि आरोपी योगेंद्र सिंह ने पूछताछ के दौरान पता चला कि एटीएम को चोरी करने के लिए पहले जरहागांव से एक मोटर साइकिल चोरी की और उसी से एटीएम तक पहुंचा। आरोपी ने अपनी पहचान छुपाने के उद्देश्य से एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरा को तोड़ दिया था।

आरोपी योगेंद्र सिंह, पिता रामसिंह, उम्र 27 साल, निवासी शंकर वार्ड मल्हापारा, मुंगेली, के खिलाफ थाना जरहागांव में अपराध क्रमांक 167/24 और 168/24 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है। आरोपी के कब्जे से चोरी की गई बाइक, घटना में इस्तेमाल किए गए पेचकस, हथौड़ा, टूटा हुआ सीसीटीवी कैमरा, कार्ड रीडर, और एटीएम मशीन के अवशेष बरामद किए गए हैं। थाना प्रभारी उपनिरीक्षक एस.के. शर्मा और उनकी टीम ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एडीश्नल एसपी ने कहा कि मुंगेली पुलिस आगे भी सजग और सक्रिय रहकर रात्रि गश्त पेट्रोलिंग जारी रखेगी।

CG में रेलवे ट्रैक पर मिली युवती की लाश, फैली सनसनी

जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के खोखसा रेलवे ट्रैक पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां लगभग 20 वर्षीय अज्ञात युवती का शव मिला है। पुलिस को आशंका है कि युवती की मौत ट्रेन से गिरने से हुई हो सकती है। शव को रेलवे ट्रैक से उठाकर मर्च्यूरी में रखवा दिया गया है। नैला चौकी प्रभारी भागवत डहरिया ने बताया कि देर शाम रेलवे स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी कि रेलवे ट्रैक पर एक युवती का शव पड़ा हुआ है।

सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और शव को उठाकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि युवती की मौत सिर में गंभीर चोट लगने से हुई है। लड़की की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है। लड़की ने काली जींस, काली फुल स्लीव टी-शर्ट पहनी हुई थी। उसके बाएं हाथ पर SAAA लिखा हुआ है। अपनी बाईं उंगली में 2 अंगूठियां और दाहिने हाथ में रस्सी पहनी हुई है। पुलिस पहचान जुटाने की कोशिश कर रही है। साथ ही हर एंगल से मामले की तफ्तीश की जा रही है। पहचान के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है।

पत्नी से तलाक के बीच युवक ने रची साले की हत्या की साजिश, खुलासा होते ही फरार

दुर्ग : भिलाई स्थित आकाश गंगा प्रीमियम वाइन शॉप के मैनेजर पर चाकू से जानलेवा हमला करने के आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को मैनेजर के जीजा ने ही हत्या की सुपारी दी थी। सुपारी देने वाले जीजा की पुलिस तलाश कर रही है। सुपेला थाना क्षेत्र का मामला है। सुपेला थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि उमेश कुमार आकाश गंगा सुपेला स्थित प्रीमियम शराब दुकान का मैनेजर है। वह कृष्णा नगर में रहता है। बीते 4 अगस्त की रात 10 बजे शराब दुकान बंद कर अंदर कैश मिलान किया। उसके बाद देर रात करीब 1 बजे अपनी बाइक से घर जाने के लिए निकला था।

पुलिस ने बताया कि जैसे ही वह गणेश मार्केट के पास पहुंचा, 3 लोगों ने उसका रास्ता रोक लिया। गाड़ी रोकते ही उन लोगों ने उससे गाली गलौज शुरू कर दी। उमेश ने उनका विरोध किया तो उससे मारपीट की गई। एक लड़के ने चाकू निकालकर उसके पेट में घुसा दिया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी वहां से भाग गए।
मामले में पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के एरिया के 200 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाला। CCTV फुटेज में बाइक सवार 3 लोग दिखाई दिए। पुलिस ने संदेहियों के बारे पूछताछ की। पता चला कि तीनों लोग दुर्ग रहने वाले हैं। आदतन अपराधी हैं। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनकी शराब दुकान के मैनेजर उमेश से कोई दुश्मनी नहीं थी। राजनांदगांव के रहने वाले अश्वनी वर्मा उर्फ आशु ने हत्या करने के लिए 50 हजार रुपए की सुपारी दी थी। पैसों की लालच में उन्होंने उमेश पर जानलेवा हमला किया, लेकिन उसकी जान बच गई। उन्होंने बताया कि चाकू मारने के बाद आशु ने उन्हें 30 हजार रुपए दिए और 20 हजार रुपए अब तक नहीं दिए हैं। टीआई राजेश मिश्रा ने बताया कि उमेश आशु का साला है। आशु और उसकी पत्नी के बीच झगड़ा चल रहा है। मामला तलाक तक पहुंच गया है। उमेश अपनी बहन की मदद कर रहा है। इससे आशु ने उसे जान से मरवाने की योजना बनाई और सुपारी दी। आशु अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

CG News : रायपुर में आसानी से मिल रहा देशी कट्टा, कार की तलाशी लेने पर बरामद

जांजगीर-चांपा : जिले में पुलिस ने गश्त के दौरान कार में देशी कट्टा और कारतूस जब्त किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी गुलशन उर्फ दीपांशु वर्मा कार में हथियार लेकर घूम रहा था। चेकिंग के दौरान पकड़ा गया। पूरा मामला नवागढ़ थाना क्षेत्र के मिसदा गांव का है।

मिली जानकारी अनुसार, 31 अगस्त की रात करीबन 3.30 बजे पुलिस की टीम गश्त पर निकली थी। इस दौरान मिसदा गांव के मेन रोड में एक संदिग्ध व्यक्ति बलेनो कर को खड़ा कर बैठा हुआ था। नाम पता पूछने पर पुलिस को गुमराह करने लगा।

इस दौरान पुलिस को शक हुआ। कार की तलाशी लेने पर एक पैकेट के अंदर देशी कट्टा और कारतूस मिला, जिसे रायपुर जिले के सिलतरा क्षेत्र से खरीदने की बात कही। देशी कट्टा और कारतूस के संबंध में लाइसेंस की मांग की गई, जिसमें वह अवैध रूप से खरीदने की बात कही।

CG Crime News : रायपुर-मठपुरैना में चाकूबाजी, पीड़ित की हालत नाजुक

रायपुर : राजधानी रायपुर में चाकूबाजी की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। ताजा घटना टिकरापारा थाना क्षेत्र के मठपुरैना इलाके में सामने आई, जहां एक नाबालिग ने आशु यादव नामक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मठपुरैना क्षेत्र में रविवार को एक नाबालिग द्वारा चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया गया। आरोपी ने आशु यादव पर चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल युवक को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हमले के बाद नाबालिग आरोपी मौके से फरार हो गया है।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस ने फरार आरोपी के बारे में जानकारी जुटाने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की है और सुरागों की तलाश कर रही है।