Home Blog Page 174

आंध्र-तेलंगाना में बारिश से अब तक 31 लोगों की मौत, 432 ट्रेनें कैंसिल; जरूरी सेवाओं के लिए जूझ रहे लोग

हैदराबाद/विजयवाड़ा: तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में मूसलाधार बारिश के कारण अब तक 31 लोगों की मौत हो गई है। इसके अलावा आवागमन के साधन जैसे सड़कें और रेल पटरियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं हैं। वहीं हजारों एकड़ कृषि भूमि पानी में डूब गई है और एजेंसियों को बचाव एवं पुनर्वास के काम में लगाया गया है। दोनों तेलुगु भाषी राज्य सोमवार को बारिश के कारण प्रभावित रहे। वर्षाजनित घटनाओं में तेलंगाना में 16 लोग और पड़ोसी आंध्र प्रदेश में 15 अन्य लोगों की मौत हो गई। तेलंगाना के समुद्रम के नजदीक रेल की पटरियों के नीचे बजरी का एक हिस्सा बाढ़ के पानी के कारण बह गया। वहीं आंध्र प्रदेश में करीब 4.5 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। विजयवाड़ा में दूध समेत जरूरी सामान लेने के लिए लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

NDRF और SDRF की टीमें तैनात

एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में एनटीआर, गुंटूर, कृष्णा, एलुरु, पालनाडु, बापटला और प्रकाशम शामिल हैं। राहत एवं बचाव कार्य के लिए एसडीआरएफ की 20 और एनडीआरएफ की 19 टीमें लगी हुई हैं। पिछले तीन दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश और कई हिस्सों में 24 घंटे से अधिक समय तक बिजली कटौती के कारण विजयवाड़ा में जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है। बाढ़ के बीच इंटरनेट और मोबाइल टेलीफोन सेवाएं बाधित हो गई हैं। हैदराबाद से कनेक्टिविटी प्रभावित हो गई। विजयवाड़ा शहर और उसके आसपास के इलाकों में परिवहन सेवाएं अस्त-व्यस्त हो गई हैं। वहीं प्रकाशम बैराज से सोमवार सुबह आठ बजे तक 11.3 लाख क्यूसेक बाढ़ का पानी छोड़ा गया।

तेलंगाना में 16 लोगों की मौत

इसके अलावा तेलंगाना में बारिश से जुड़ी विभिन्न घटनाओं में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई है। राज्य सरकार ने सोमवार को शुरुआती तौर पर 5,000 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया। राज्य सरकार ने 2,000 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता की तत्काल मांग की। मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से प्रभावित इलाकों का दौरा करने और बाढ़ को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की अपील की। उन्होंने बारिश से जुड़ी घटनाओं में मारे गए लोगों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की भी घोषणा की। मुख्यमंत्री ने वर्षा प्रभावित क्षेत्रों के दौरे के तहत सूर्यपेट में मंत्रियों और अधिकारियों के साथ बैठक की।

फसलों को भी हुआ नुकसान

राज्य के आईटी एवं उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने बताया कि नुकसान की रिपोर्ट मिलने के बाद ही पूरा ब्यौरा पता चल पाएगा। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि सरकार बाढ़ से हुए नुकसान पर एक व्यापक रिपोर्ट केंद्र को सौंपेगी। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 1.5 लाख एकड़ से अधिक भूमि पर लगी फसलों को नुकसान हुआ है। खम्मम के बाढ़ प्रभावित इलाकों में भारी नुकसान का मंजर देखने को मिला, जहां घरेलू सामान बह गए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों ने राज्य के राजस्व मंत्री पी. श्रीनिवास रेड्डी और कृषि मंत्री टी. नागेश्वर राव को अपनी व्यथा सुनाई। ये दोनों मंत्री उनसे मिलने आए थे।

432 ट्रेनें की गई कैंसिल

वहीं दक्षिण मध्य रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि भारी बारिश और कई स्थानों पर पटरियों पर जलभराव के कारण 432 ट्रेन रद्द कर दी गईं और 13 ट्रेन आंशिक रूप से रद्द की गई हैं। उन्होंने बताया कि सोमवार दोपहर तक 139 ट्रेन का मार्ग बदला गया। उन्होंने कहा कि मरम्मत कार्य जारी है। दोनों राज्यों में लगातार बारिश के कारण काजीपेट-विजयवाड़ा खंड में बाढ़ आने और दरारें आने की खबर है और पांच ट्रेन फंसी हुई हैं। हैदराबाद स्थित मौसम केंद्र ने कहा कि तीन सितंबर को आदिलाबाद, कोमाराम भीम आसिफाबाद, निर्मल, निजामाबाद, जगतियाल, संगारेड्डी, मेडक, कामारेड्डी जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना जताई है।

भीषण हादसा: टाटा मैजिक की तेज रफ्तार ट्रक से भिड़ंत, 7 की मौत

जींद: हरियाणा के जींद में मंगलवार देर रात एक भीषण हादसा हुआ। यहां टाटा मैजिक की तेज रफ्तार ट्रक से भिड़ंत हो गई। इस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई है, जिनमें तीन महिलाएं भी शामिल हैं। ये हादसा हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर हुआ। बताया जा रहा है कि कुरुक्षेत्र के मर्छेदी गांव के लोग राजस्थान के गोगामेड़ी धाम में पूजा के लिए जा रहे थे। वह सभी लोग टाटा मैजिक में सवार थे। मंगलवार देर रात एक बजे के आसपास जैसे ही उनकी गाड़ी हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे से आगे की ओर बढ़ी, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि टाटा मैजिक के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार तीन महिलाओं समेत सात श्रद्धालुओं की मौत हो गई। इसके अलावा आठ लोग घायल हो गए हैं। सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके साथ ही घायलों को इलाज के लिए जींद के नरवाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए अग्रोहा के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है।

 

नरवाना अस्पताल में तैनात डॉ. अजय ने बताया कि हमें जानकारी मिली थी कि हिसार-चंडीगढ़ नेशनल हाइवे पर टाटा मैजिक और ट्रक के बीच टक्कर हुई है। सभी घायलों को मंगलवार देर रात अस्पताल में लाया गया। सभी घायलों को रेफर कर दिया गया है और सात लोगों की मौत हुई है। मृतकों में कुरुक्षेत्र और करनाल के लोग शामिल थे।

बच्चे के डीएनए टेस्ट की मांग, पति ने खटखटाया हाईकोर्ट का दरवाजा, जानें पूरा मामला

बिलासपुर: पति-पत्नी के बीच विवाद ने मासूम बच्चे को कटघरे में खड़ा कर दिया, दोनों में आपसी विवाद के बीच पति ने हाई कोर्ट में याचिका दायर कर बच्चे के डीएनए टेस्ट की मांग कर दी. हाई कोर्ट ने फैमिली कोर्ट के निर्णय को सही ठहराते हुए याचिका खारिज कर दी है. मामले की सुनवाई जस्टिस दीपक तिवारी के सिंगल बेंच में हुई.
दरअसल, दुर्ग में रहने वाले युवक की शादी बालोद में रहने वाली युवती के साथ दो साल पहले दल्ली राजहरा में हुई थी. उनका चार माह का बेटा है. इस बीच दोनों में विवाद शुरू हुआ, और मामला कोर्ट पहुंच गया. पति ने फैमिली कोर्ट में मामला दायर करते हुए चार महीने के मासूम के रिश्ते पर सवाल उठाते हुए डीएनए टेस्ट की मांग की. माामले की सुनवाई के बाद फैमिली कोर्ट ने पति की याचिका को खारिज करते हुए युवक को यह हिदायत दी कि बच्चे का लालन पालन एक पिता की तरह करें, और घर परिवार के बीच सामंजस्य बनाए रखने कहा.
इधर फैमिली कोर्ट के फैसले को युवक ने हाई कोर्ट में चुनौती दी, और चार महीने के मासूम का डीएनए टेस्ट कराने की मांग की. मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने याचिका को खारिज कर दिया, कोर्ट ने कहा कि प्रथम दृष्टया ठोस प्रकरण नहीं होने पर हिन्दू रीति रिवाज से हुए विवाह के दौरान जन्म लिए बच्चे के डीएनए टेस्ट का आदेश नहीं दिया जा सकता है. DNA टेस्ट का आदेश तभी दिया जाना चाहिए, तब साक्ष्य अधिनियम की धारा 112 के तहत पर्याप्त सबूत हों.

CG : तालाब में डूबने से युवक की मौत, नहाने के दौरान हुआ हादसा

खैरागढ़ : खैरागढ़ के कोडेनवागांव में उस समय सनसनी फैल गई जब यहां स्थित तालाब में डूबने से एक युवक की मौत हो गई. घटना के बाद कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद गोताखोरों की टीम ने देर रात शव को तालाब से बाहर निकाला.

जिला मुख्यालय से लगे ग्राम कोड़ेनवागांव में 35 वर्षीय युवक की तलाब में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई है. जानकारी के अनुसार कोड़ेनवागांव निवासी कृष्णा नेताम पोला पर्व के दिन सोमवार को दोपहर तकरीबन 3.30 बजे गांव के दैहान पारा स्थित तालाब में नहाने गया हुआ था. जहां अचानक तालाब में डूबने से उसकी मौत हो गई.

ग्रामीणों ने बताया कि तकरीबन 7 एकड़ के रकबे में फैला गांव का यह तालाब बहुत गहरा है और दुर्घटना से बचने तालाब में पचरी का भी निर्माण कराया गया है. लेकिन तालाब की गहराई में जाने के कारण युवक पानी में डूब गया और उसकी मौत हो गई. युवक के तालाब में डूबने की सूचना मिलने पर शाम करीब सात बजे गोताखोरों की टीम तालाब पर पहुंची और कई घंटों की मशक्कत के बाद युवक का शव तालाब से बाहर निकाला गया.

आधी रात घरों में ‘अंडरवियर’ गैंग का धावा, चुराया लाखों का सोना; केले भी ले गए साथ

महाराष्ट्र के नासिक जिले के मालेगांव में बीती देर रात कच्छा-बनियान गिरोह बनकर अज्ञात चोरों ने एक घर और कॉलेज से लाखों का माल चंपत कर दिया। पीड़ितों का आरोप है कि एक घर से चोर पांच लाख का सोना और कॉलेज परिसर से केले चुराकर ले गए। चोरों की यह करतूत सीसीटीवी में कैद हुई है। फुटेज में वे अंडरवियर और बनियान पहने हुए हैं। पिछले हफ्ते मालेगांव में इसी तरह की एक अन्य घटना में चोर गाउन पहनकर रिहायशी इलाकों में घुसे थे और एक मंदिर के दानपात्र से पैसे चुराकर भाग गए।

सीसीटीवी फुटेज में चोरों को घर और कॉलेज परिसर में घूमते हुए देखा जा सकता है। चोर इनरवियर पहने हुए हैं। फुटेज में चार चोर दिख हे हैं। उनमें से एक दरवाजा खोलते समय नजर भी आता है। इस कथित ‘अंडरवियर’ गिरोह ने एक घर और एक कॉलेज में घुसकर करीब 70 ग्राम सोना (कीमत करीब 5 लाख रुपये ) और केले चुरा लिए। चोरों की इस हरकत ने इलाके के लोगों में दहशत फैला दी है।

मालेगांव में ‘अंडरवियर’ गिरोह की धमक ‘गाउन’ गिरोह द्वारा अंजाम दी गई चोरी के कुछ समय बाद ही हुई है। उस गिरोह को महिलाओं के वेश में देखा गया। ज्यादातर गाउन पहने हुए कैमरे में कैद हुए थे। इन चोरों ने पिछले सप्ताह मालेगांव के रिहायशी इलाकों में कई घरों को निशाना बनाया। चोरों ने एक मंदिर के दानपात्र से भी पैसे चुराए।

बता दें कि ‘चड्डी बनियान’ गिरोह पहले भी देश के कई हिस्सों में चोरी और हमले की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। ये चोर अक्सर बनियान और अंडरवियर पहनकर अपराध को अंजाम देते हैं। कई बार लोगों को डराने के लिए इनके पास धारदार हथियार भी होते हैं। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मालेगांव में इस तरह से चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले अपराधी वाकई इस गिरोह से हैं, या लोगों को भ्रमित और डराने के के लिए इस तरह का वेश धरा है। स्थानीय निवासी इन चोरियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस से तुरंत कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

हरियाणा में होगा कांग्रेस और AAP का गठबंधन? सूत्रों के हवाले से आई ये बड़ी खबर

नई दिल्ली : हरियाणा विधानसभा चुनावों को लेकर सूत्रों के हवाले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस नेता राहुल गांधी का मानना है कि विधानसभा चुनावों के लिए आम आदमी पार्टी से गठबंधन फायदे का सौदा हो सकता है। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी के इस प्रस्ताव को लेकर सभी नेता एकमत थे। बता दें कि हरियाणा कांग्रेस में चुनावों से पहले ही कुछ बड़े नेताओं में मनमुटाव की खबरें आ रही हैं जिनमें भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला शामिल हैं।

क्या कहा राहुल गांधी ने?

हरियाणा के लिए CEC की बैठक में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने विधानसभा चुनावों के लेकर अहम बात कही है। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने अपनी राय रखते हुए कहा कि सूबे में आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ने से कांग्रेस को फायदा होगा और अगर दोनों पार्टियां अलग-अलग लड़ती हैं तो नुकसान उठाना पड़ सकता है। बताया जा रहा है कि इस मसले पर पार्टी के सभी नेता एकमत दिखे। बता दें कि इससे पहले कांग्रेस नेता लगातार कहते आए थे कि हरियाणा की सभी 90 विधानसभा सीटों पर उनकी पार्टी अकेले ही चुनाव लड़ेगी।

कांग्रेस में जारी है खटपट

बता दें कि विधानसभा चुनावों का ऐलान होने के बाद से ही हरियाणा कांग्रेस में खटपट जारी है। सियासी पंडितों का कहना है कि सूबे में पार्टी की सियासत में अपना वर्चस्व साबित करने के लिए भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा और रणदीप सिंह सुरजेवाला में जमकर रस्साकशी हो रही है। इस बीच कांग्रेस की तरफ से यह बयान भी आया है कि हरियाणा चुनावों में जीत के बाद पार्टी का कोई सांसद भी मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। सूबे में कांग्रेस की ओर से भूपेंद्र सिंह हुड्डा, दीपेंद्र हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला और कुमारी सैलजा को मुख्यमंत्री पद के दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।

Janjgir-Champa : फ्लैक्स लगाने के दौरान हुआ हादसा, 11 केवी की चपेट में आए तीन युवक, एक की मौत

जांजगीर – चांपा : सदर बाजार चांपा के अग्रवाल मोबाईल दुकान के ऊपर होर्डिंग में फ्लैक्स लगाने के दौरान तीन युवक 11 केवी करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवकों को उपचार के लिए एनकेएच अस्पताल ले जाया गया।

जहां डाक्टर ने एक युवक को जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं दो युवकों का उपचार जारी है। घटना चांपा थाना का है।जानकारी के अनुसार सोमवार की शाम पांच बजे सदर बाजार में स्थित अग्रवाल मोबाईल दुकान के ऊपर लगे होर्डिंग में फ्लैक्स लगाने तीन युवक आशु कुमार (22), रमाकांत पटेल (23), इब्रार खान (22) पहुंचे थे।

तीनों युवक बोर्ड में फ्लैक्स लगाने ऊपर चढ़े हुए थे। दुकान के ऊपर से 11 केवी विद्युत तार गुजरी हुई है। फ्लैक्सी लगाने के दौरान तेज हवा चलने से तार झूलने लगा। तीनो युवक आशु कुमार, रमाकांत पटेल, इब्रार खान उसकी चपेट में आ गए और बेहोश होकर जमीन में गिर गए।

Chhattisgarh : छात्र को थप्पड़ मारने वाला लाइब्रेरियन निलंबित, अन्य कर्मचारियों पर भी गिरेगी गाज

बलरामपुर : कक्षा 9वीं के छात्र को थप्पड़ मारने के मामले में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है. छात्र को मारने वाले लाइब्रेरियन (ग्रंथपाल) को घटना के बाद निलंबित कर दिया गया है. यह पूरा मामला वाड्रफनगर विकासखंड के हायर सेकेंडरी स्कूल पंडरी का है.

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ग्रंथपाल चक्रधारी सिंह ने एक छात्र के कान में थप्पड़ मारा था. घटना के बाद स्कूल प्रबंधन ने इस मामले को दबाने की कोशिश की. वहीं थप्पड़ खाने से पीड़ित छात्र के कान में परेशानी उत्पन्न हुई, जिसके बाद परिजन उसे निजी अस्पताल में इलाज के लिए ले गए. इस घटना की शिकायत मिलने पर संयुक्त संचालक सरगुजा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए लाइब्रेरियन को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. सूत्रों का कहना है कि इस घटना में शामिल अन्य स्कूल कर्मचारियों पर भी कार्रवाई हो सकती है.

शराब घोटाले में बंदी अनवर ढेबर का फेवर करने वाला डॉक्टर बर्खास्त, जानिए पूरा मामला…

रायपुर : डीकेएस सुपर स्पेशलिटी हास्पिटल में सुविधा होते हुए भी सुविधा नहीं होने का हवाला देकर शराब घोटाले में बंदी अनवर ढेबर के फेवर करने के मामले में डॉ. प्रवेश शुक्ला को बर्खास्त कर दिया गया है. यह कार्रवाई दाऊ कल्याण सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के अधीक्षक ने की है. हॉस्पिटल के अधीक्षक ने पहले उन्हें नोटिस भेजकर स्पष्टीकरण मांगा था, लेकिन जवाब संतोषजनक नहीं होने पर यह कार्रवाई की गई। अब डॉ. शुक्ला के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की भी तैयारी की जा रही है। डॉ. शुक्ला, जो दाऊ कल्याण सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल के गैस्ट्रो सर्जरी विभाग में सहायक प्राध्यापक थे.

डॉ. प्रवेश शुक्ला को बर्खास्त करते हुए जारी पत्र में लिखा गया है रायपुर जेल के प्रहरी ने विचाराधीन बंदी अनवर ढेबर को ईलाज के लिए लाया था. ओपीडी पर्ची में आपके द्वारा इन्डोस्कोपी डीकेएस चिकित्सालय में नहीं होती लिखा गया. 8 जून 24 को डीकेएस के विभिन्न विभागों में 5 केस इन्डोस्कोपी हुआ है. जेल के विचाराधीन बंदी अनवर ढेबर के ईलाज की पर्ची में इस प्रकार का टीप लिखना उचित नहीं था क्योंकि डीकेएस के ओटी में इन्डोस्कोपी किसी भी विभाग से लेकर किया जा सकती थी.

जेल के विचाराधीन बंदी अनवर ढेबर के ईलाज के संबंध में आपने उच्च चिकित्सक/अधिकारी से मार्गदर्शन लेना भी जरूरी नहीं समझा. विचाराधीन बंदी को बचाने के लिए जानबूझकर ओपीडी पर्ची में इस प्रकार का टीप लिखा गया. पत्र कमांक 2 एवं 3 के माध्यम से चिकित्सालय में आपकी उपस्थिति के संबंध में तथा मरीज के ईलाज के संबंध में आपको स्पष्टीकरण जारी किया गया था. आपके की ओर से दिया गया स्पष्टीकरण मान्य किये जाने योग्य नहीं है. इससे स्पष्ट होता है कि आप छत्तीसगढ़ शासन, चिकित्सा शिक्षा विभाग एवं अस्पताल अधीक्षक के निर्देश व आदेश का पालन नहीं किया है.

आपके इस कृत्य से मरीजों को भी परेशानियों का सामना करना पड़ा है. आपके गंभीर अनुशासहीनता की श्रेणी में आता है, जो छत्तीसगढ़ सिविल सेवा आचरण नियम 1965 का उल्लघंन है. इसलिए आपकी सेवा समाप्त/बर्खास्त की जाती है तथा उपरोक्त प्रकरण की जांच के लिए थाना गोलबाजार में कार्रवाई की जाएगी.

CG News : टीकाकरण से मौत का मामला, जांच टीम पर ग्रामीणों ने निकाला गुस्सा

बिलासपुर : जिले में टीकाकरण से 2 बच्चों की मौत के मामले में परिजनों ने जांच अधिकारियों को खरी-खोटी सुनाई। परिजनों ने कहा कि अब यहां क्या करने आए हो, जो होना था वो तो हो चुका है। बच्चे तो अब रहें नहीं। सिर्फ खानापूर्ति करने आए हो। आप सभी यहां से चले जाइये। मामला कोटा के पटैता के कोरीपारा का है।

भड़के ग्रामीण और अभिभावकों ने कहा कि यहां जांच करने की कोई भी जरूरत नहीं है। जांच के नाम पर हमें फिर से ठगने की कोशिश की जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही ने दोनों बच्चे की जान ली है। 5 सदस्यीय जांच टीम को बिना जांच किए खाली हाथ लौटना पड़ा।

दरअसल, 29 अगस्त को टीकाकरण से 2 बच्चों की मौत को स्थानीय अधिकारियों ने नजरअंदाज कर दिया, जिसके बाद सरकार ने सच जानने के लिए जांच टीम बनाई है। जांच टीम सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी। इसमें जो भी दोषी होगा सरकार कार्रवाई करेगी।