छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी के विधानसभा चुनाव लड़ने से पीछे हटने और कांग्रेस को सपोर्ट देने की अटकलों पर विराम लग गया है। प्रत्याशियों के नामों की दूसरी लिस्ट जारी कर AAP ने ये मैसेज दिया है कि सभी सीटों में पूरे दमखम के साथ पार्टी चुनाव लड़ेगी।
आप की दूसरी लिस्ट में 12 प्रत्याशियों के नाम हैं। इससे पहले 10 प्रत्याशियों के नामों का ऐलान पार्टी कर चुकी है। सियासी गलियारों में छत्तीसगढ़ समेत मध्यप्रदेश, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी केवल सांकेतिक चुनावी लड़ाई लड़ने की खबर चर्चा में थी। इसका कारण इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (I.N.D.I.A.) को मजबूत करना बताया जा रहा था।

लिस्ट जारी होने के बाद दैनिक भास्कर ने AAP के प्रदेश प्रभारी संजीव झा से बात की। उन्होंने कहा कि भले ही उनकी पार्टी I.N.D.I.A. गठबंधन में शामिल है, लेकिन छत्तीसगढ़ में कांग्रेस के खिलाफ चुनाव लड़ने की उनकी पूरी तैयारी है। पार्टी ने दो लिस्ट में 22 नाम जारी कर दिए हैं।