कोरबा।रजगामार में सात वर्षीय मासूम के साथ हुई दरिंदगी और हत्या की घटना से आक्रोशित कोरबा प्रेस क्लब ने आज 24 अक्टूबर को शोकसभा एवं कैंडल मार्च आयोजित करने का निर्णय लिया है। इस दौरान मासूम को श्रद्धांजलि अर्पित कर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने और मामले की त्वरित सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग की जाएगी।

कार्यक्रम शाम 5:30 बजे तिलक भवन, कोरबा में शोकसभा के साथ शुरू होगा। इसके बाद तिलक भवन से ट्रांसपोर्ट नगर चौक तक कैंडल मार्च निकाला जाएगा। प्रेस क्लब ने जिले के पत्रकारों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर मासूम को न्याय दिलाने की मुहिम में सहभागी बनने की अपील की है।
इस आयोजन के जरिए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करने के साथ ही जघन्य अपराध के खिलाफ एकजुटता प्रदर्शित की जाएगी। साथ ही न्यायिक प्रक्रिया में तेजी लाने और दोषी को कठोरतम सजा दिलाने की मांग उठाई जाएगी।






