कोरबा | बिलासपुर जिले के प्रसिद्ध लुतरा शरीफ दरगाह में शहंशाहे छत्तीसगढ़ हजरत बाबा सैयद इंसान अली शाह का सालाना उर्स इस वर्ष 28 सितंबर से 2 अक्टूबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। पांच दिवसीय उर्स को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इंतजामिया कमेटी दरगाह लुतरा शरीफ की ओर से कोरबा में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर उर्स के कार्यक्रम और व्यवस्थाओं की जानकारी दी गई।
इंतजामिया कमेटी ने परेशान वार्ता में बताया की उर्स में छत्तीसगढ़ के अलावा देश के अलग-अलग हिस्सों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचेंगे। श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए प्रशासन के सहयोग से साफ-सफाई, पेयजल, सुरक्षा, आवागमन और विश्राम सहित अन्य व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है।
उर्स के दौरान सर्वधर्म समभाव की भावना के तहत शाकाहारी शाही लंगर की व्यवस्था भी रहेगी।
परचम कुशाई के साथ होगा उर्स का आगाज
28 सितंबर को उर्स की शुरुआत दरगाह परिसर में परचम कुशाई की रस्म के साथ होगी। दुआ और अकीदत के बीच मुख्य परचम फहराया जाएगा। इसके बाद संदल-चादर का आयोजन होगा। रात 10 बजे ऑल इंडिया नातिया मुशायरा होगा, जिसकी सदारत कारी शब्बीर अहमद अशरफी कोरबा करेंगे। कार्यक्रम में देश के विभिन्न हिस्सों से नात और मनकबत पेश करने वाले शायर शामिल होंगे।
29 सितंबर को गुस्ल और शाही संदल उर्स के दूसरे दिन 29 सितंबर को मजार-ए-पाक का गुस्ल और शाही संदल होगा। रात 9 बजे बाबा सरकार की शान में अजीमुशान जलसा-ए-तकरीर आयोजित किया जाएगा। इसमें किछौछा शरीफ से सैय्यद राशिद मक्की मियां की तकरीर होगी।
30 सितंबर को मुंबई के मुजतबा अजीज नाज़ा की कव्वाली30 सितंबर को अम्मी जान साहिबा की संदल-चादर की रस्म होगी। रात 10 बजे महफिले समा में मुंबई के रेडियो-टीवी सिंगर मुजतबा अजीज नाज़ा कव्वाली पेश करेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में जायरीनों के शामिल होने की संभावना है।
1 अक्टूबर को रईस अनीस अंसारी की कव्वाली
चौथे दिन 1 अक्टूबर को रात 10 बजे महफिले कव्वाली का आयोजन किया जाएगा। इसमें बिजनौर, उत्तर प्रदेश के रईस अनीस अंसारी अपनी कव्वाली पेश करेंगे।
कुल की फातिहा के साथ 2 अक्टूबर को उर्स का समापन
2 अक्टूबर को उर्स के अंतिम दिन सुबह 11 बजे रंग की महफिल होगी। इसमें बिजनौर के रईस अनीस साबरी की मौजूदगी रहेगी। किछौछा शरीफ के सैय्यद महमूद अशरफ की सदारत में कुल की फातिहा के साथ पांच दिवसीय उर्स का समापन होगा।दोपहर से देर रात तक चलता रहेगा शाही लंगर इंतजामिया कमेटी के मुताबिक उर्स के सभी दिनों में दोपहर से देर रात तक दरबारी शाही लंगर यानी भंडारे की व्यवस्था लगातार जारी रहेगी। कमेटी का कहना है कि लुतरा शरीफ में हर धर्म और समुदाय के लोग आस्था के साथ पहुंचते हैं। उर्स के दौरान भी सर्वधर्म समभाव की परंपरा को कायम रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर रहेगा।
पत्रकार वार्ता में सदर हाजी मो. इकबाल हक, खजांची फैजान अहमद शेबू, नूरी मज़ीद सदर मो. आरिफ खान, नायव खजांची- जावेद रब्बानी (कोरबा) लंगर इंचार्ज हाजी मो. कुदुस (बिलासपुर) मेंबर्स- हाजी मो. नजीर अहमद (बलौदा), मो. सज्जाद सिद्दीकी (कोरबा), सैयद इंसान अली (बिलासपुर), शेख सिकंदर (बिलासपुर), मो. एजाज खान (लुतरा शरीफ), मुशर्रफ खान (विलासपुर), अब्दुल वहाब अशरफी (लुतरा शरीफ), हाजी अनवारूल हक (लुतरा शरीफ), हाजी अब्दुल करीम वेग (लुतरा शरीफ), अब्दुल शहनवाज मेमन (लुतरा शरीफ), शेख अब्दुल गफ्फार (लुतरा शरीफ) सहित बिलासपुर, कोरबा, बलौदा और लुतरा शरीफ के सदस्य शामिल हैं।





