कोरबा। मिनीमाता बांगो बांध के कैचमेंट क्षेत्र में पिछले दो दिनों से लगातार बढ़ रही पानी की आवक के चलते बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। वर्तमान में बांध का जलस्तर 358.71 मीटर और जलभराव 94.30 प्रतिशत दर्ज किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से बांध के गेट खोलकर अतिरिक्त पानी को हसदेव नदी में नियंत्रित तरीके से छोड़ा जा रहा है।
कार्यपालन अभियंता, मिनीमाता बांगो बांध संभाग क्रमांक-3, माचाडोली, कोरबा से प्राप्त जानकारी के अनुसार बांध में वर्तमान में 54,115 क्यूसेक पानी की आवक (Inflow) दर्ज की गई है। बढ़ती आवक को देखते हुए मुख्य अभियंता बिलासपुर एवं अधीक्षण अभियंता कोरबा से चर्चा और अनुमति के बाद रात 12 बजे बांध के नौ रेडियल गेटों को अलग-अलग ऊंचाई तक खोला गया।
इन गेटों से छोड़ा जा रहा पानी
बांध के गेट क्रमांक 1, 2, 3, 9, 10 और 11 बंद हैं। वहीं—
गेट क्रमांक 4 — 0.50 मीटर
गेट क्रमांक 5 — 0.60 मीटर
गेट क्रमांक 6 — 0.80 मीटर
गेट क्रमांक 7 — 0.60 मीटर
गेट क्रमांक 8 — 0.50 मीटर
इस प्रकार रेडियल गेटों की कुल ओपनिंग 3 मीटर है। इन गेटों से लगभग 17,197 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है।
इसके अलावा हाइडल पावर प्लांट के माध्यम से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह मिनीमाता बांगो बांध से कुल 26,197 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में प्रवाहित किया जा रहा है।
दर्री बैराज पर भी रखी जा रही नजर
बांगो बांध से पानी छोड़े जाने के बाद इसका प्रभाव दर्री बैराज में भी पड़ने की संभावना है। विभाग द्वारा बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए दर्री बैराज के गेटों की ओपनिंग भी पहले से बढ़ाई जा रही है, ताकि अचानक अधिक पानी पहुंचने पर स्थिति नियंत्रित रहे।
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक पूरे जलप्रवाह और बांध की स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है। बढ़ती आवक को देखते हुए आवश्यकता के अनुसार गेटों की ओपनिंग में आगे भी बदलाव किया जा सकता है।
फिलहाल बांध से पानी नियंत्रित तरीके से छोड़ा जा रहा है और जलस्तर एवं नदी के प्रवाह की लगातार निगरानी की जा रही है।





