सिलचर : लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी सोमवार सुबह असम के कछार जिले में मणिपुर के जिरीबाम जिले के विस्थापित लोगों से मिलने पहुंचे। इसके बाद राहुल गांधी ने मणिपुर का भी दौरा किया है। राहुल गांधी सुबह करीब 10 बजे सिलचर हवाई अड्डे पर पहुंचे। इसके बाद वह कछार के लखीपुर के हमरखावलीन इलाके में थलाई में एक राहत शिविर में रह रहे पीड़ितों से मिले। शिविर में अपने 20 मिनट के दौरे के दौरान उन्होंने पीड़ितों से बात की और आश्वासन दिया कि वे इसे संसद में उठाएंगे। पीड़ितों ने कहा कि राहुल गांधी उनसे मिलने वाले पहले नेता थे और उन्होंने अपने मुद्दों के साथ उन्हें एक मेमोरेंड्रम भी सौंपा है। मणिपुर के जिरीबाम के करीब 1700 निवासियों ने पिछले महीने हिंसा से जूझ रहे राज्य में बढ़ती घटनाओं के बाद पड़ोसी राज्य असम में शरण ले लिया था।
इस मुद्दे पर मीडिया से बातचीत करते हुए कांग्रेस के राज्य के कार्यकारी अध्यक्ष देवब्रत ने कहा है कि पीएम मोदी ने पूरे मणिपुर के साथ धोखा किया है। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी जिरीबाम में हाल ही में हुए संघर्ष से प्रभावित लोगों से मिलने यहां आए थे। प्रधानमंत्री द्वारा यह कहे जाने के बाद कि मणिपुर में सामान्य स्थिति बहाल हो गई है, सभी ने इस पर विश्वास कर लिया। लेकिन सच्चाई यह है कि यहां राहत शिविर में रहने वाले लोगों ने अपनी कहानियां सुनाईं कि वे कितने हताश हैं और सरकार ने उनके लिए कुछ नहीं किया है। उन्होंने (राहत शिविर में रहने वाले) लोगों से उनकी कहानी सुनी है।”





