सक्ति : सक्ती जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊधारा में दोस्तों के साथ घूमने आए दुर्ग के एक 20 वर्षीय युवक के झरने में बह जाने का मामला सामने आया है। मंगलवार को हुए हादसे के बाद देर शाम तक चले रेस्क्यू में सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा था, जिसे बुधवार सुबह फिर से शुरू कर दिया गया है।

जानकारी के मुताबिक दुर्ग निवासी प्रतीक कंवर अपने पांच दोस्तों के साथ सक्ती जिले के पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने आया था।
मंगलवार सुबह सभी दमाऊधारा पहुंचे, जहां चार युवक झरने के ऊपरी हिस्से में नहा रहे थे। इसी दौरान प्रतीक का पैर फिसल गया और वह तेज बहाव में बहते हुए गहरे पानी में समा गया। साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
घटना की सूचना मिलते ही नगरदा पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, डीडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। मंगलवार देर शाम तक कई घंटे सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन युवक का कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने के कारण अभियान रोक दिया गया था।

बुधवार सुबह एक बार फिर पुलिस और बचाव दल ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान शुरू किया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल ने बताया कि युवक की तलाश लगातार जारी है। पुलिस ने पर्यटकों से बारिश के मौसम में झरनों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने और सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की है।





