कोरबा। बंगाल की खाड़ी में विकसित चक्रवाती तूफान ‘ARNAB’ और भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी मौसम चेतावनियों के मद्देनजर जिला प्रशासन कोरबा ने विद्यार्थियों की सुरक्षा को देखते हुए 29 अक्टूबर 2026 को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा अन्य संबंधित शैक्षणिक संस्थानों में एहतियातन अवकाश घोषित किया है।
कार्यालय कलेक्टर एवं अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, कोरबा द्वारा 28 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। आदेश क्रमांक 7894/रा.आ.प्रा./2026 के तहत यह निर्णय लिया गया है।
आदेश में कहा गया है कि मौसम विभाग द्वारा चक्रवाती तूफान ‘ARNAB’ के संबंध में जारी चेतावनियों के साथ जिले में संभावित वर्षा, तेज हवाओं एवं अन्य प्रतिकूल मौसमी परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए जनसामान्य और विद्यार्थियों के जीवन एवं सुरक्षा की दृष्टि से एहतियाती कदम उठाना आवश्यक है।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 की धारा 30 के तहत प्राप्त शक्तियों एवं संबंधित शासन के निर्देशों के अनुरूप यह निर्णय लिया है। आदेश के पालन के लिए जिला शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा मिशन, संबंधित विभागों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों तथा जिले के समस्त शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों और महाविद्यालयों के प्राचार्यों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने मौसम की संभावित स्थिति को देखते हुए सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए यह कदम उठाया है। विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अपील है कि वे प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें और मौसम संबंधी चेतावनियों के प्रति सतर्क रहें।






