अमर नारायण सिंह के खिलाफ मामला दर्ज,कोयला खदान में पार्टनर बनाने और मोटे मुनाफे का लालच देकर कारोबारी से 4.55 करोड़ रूपये की धोखाधड़ी का आरोप 

कोरबा की सरायपाली ओपन कास्ट माइंस में निवेश के नाम पर ली रकम, न मुनाफा दिया और न मूलधन लौटाया; तेलीबांधा पुलिस ने दर्ज किया धोखाधड़ी का केस।

- Advertisement -

रायपुर : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कोयला उत्खनन व्यवसाय में मोटे मुनाफे का लालच देकर एक कारोबारी से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि खदान में पार्टनर बनाने और अच्छा मुनाफा देने का भरोसा दिलाकर 4.55 करोड़ रुपये से अधिक की रकम निवेश कराई गई। इसके बाद न तो कारोबारी को मुनाफा मिला और न ही उसकी मूल रकम वापस की गई। मामले में तेलीबांधा पुलिस ने केएनएस विनायक माइनिंग के डायरेक्टर अमर नारायण सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है।

प्रतिकात्मक तस्वीर

पुलिस के मुताबिक, तेलीबांधा निवासी अक्षत राजन एमएस डायमंड इंडस्ट्रीज के संचालक हैं। उनका आरोप है कि अमर नारायण सिंह ने उन्हें कोरबा जिले की सरायपाली ओपन कास्ट माइंस में कोयला उत्खनन के कारोबार में साझेदार बनाने का प्रस्ताव दिया था। आरोपी ने इस व्यवसाय में निवेश करने पर अच्छा मुनाफा मिलने का भरोसा दिलाया था।

- Advertisement -

प्रस्ताव पर विश्वास करते हुए अक्षत राजन ने आरोपी के बैंक खाते में अलग-अलग किस्तों में आरटीजीएस और एनईएफटी के माध्यम से कुल 4 करोड़ 55 लाख 25 हजार 296 रुपये ट्रांसफर किए। इसके अलावा उन्होंने खदान के संचालन के लिए ईंधन और रखरखाव का खर्च भी वहन किया।आरोप है कि निवेश के बाद लंबे समय तक कारोबारी को न तो तय मुनाफे का भुगतान किया गया और न ही निवेश की रकम लौटाई गई।

 

जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपी ने भुगतान करने से इनकार कर दिया। इसके बाद पीड़ित कारोबारी ने तेलीबांधा थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अमर नारायण सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस पूरे लेनदेन और निवेश से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।

 

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -