कोरबा महापौर और आयुक्त आमने-सामने,वाहन हटवाने के लिए महापौर को बैठना पड़ा धरने पर,व्यापारियों के हित में महापौर का बड़ा कदम

- Advertisement -

 

कोरबा : बुधवारी बाजार में शनिवार को उस समय माहौल गरमा गया, जब छोटे व्यापारियों की शिकायत पर महापौर संजू देवी राजपूत मौके पर पहुंचीं। व्यापारियों के समर्थन में उन्होंने नगर निगम कर्मचारियों को सड़क किनारे खड़े वाहन हटाने के निर्देश दिए। कर्मचारियों द्वारा तत्काल निर्देशों का पालन नहीं किए जाने पर महापौर स्वयं सड़क पर धरने पर बैठ गईं। इसके बाद निगम प्रशासन में हलचल मच गई और अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर वाहन हटवाने पड़े।

- Advertisement -

जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले नगर निगम आयुक्त ने बुधवारी बाजार एवं आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे व्यवसाय करने वाले दुकानदारों को हटाने के निर्देश दिए थे। इसके बाद निगम कर्मचारियों की टीम कार्रवाई करने पहुंची थी, जहां स्थानीय विक्रेताओं के साथ विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। मामले में दोनों पक्षों की ओर से एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। इसके विरोध में निगम कर्मचारियों ने बुधवारी मोड़ के पास अपने वाहन खड़े कर दिए थे।शनिवार को छठ पूजा के अवसर पर छोटे व्यापारी दुकानें लगाने पहुंचे तो सड़क किनारे खड़े निगम के वाहनों के कारण उन्हें व्यवसाय करने में परेशानी होने लगी। दुकानदारों ने इसकी शिकायत महापौर से की। शिकायत मिलते ही महापौर बाजार पहुंचीं और कर्मचारियों को वाहन हटाने के निर्देश दिए।

महापौर को बैठना पड़ा धरने पर

बताया जाता है कि निर्देश के बावजूद जब वाहन नहीं हटाए गए तो महापौर ने नाराजगी जाहिर करते हुए सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। उनके इस विरोध के बाद निगम अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे और सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटवाया। इसके बाद महापौर ने अपना धरना समाप्त किया।

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा

महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को आजीविका के लिए व्यवसाय करने का अधिकार है। त्योहार के समय छोटे व्यापारियों को परेशान करना उचित नहीं है। नगर निगम को व्यापारियों की समस्याओं को समझते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करनी चाहिए।

पार्षद लक्ष्मण श्रीवास ने कहा

पार्षद एवं एमआईसी सदस्य लक्ष्मण श्रीवास ने कहा कि नगर निगम को सभी व्यापारियों के साथ एक समान व्यवहार करते हुए कार्रवाई करनी चाहिए। प्रत्येक व्यापारी को व्यवसाय के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराने की दिशा में पहल होनी चाहिए। किसी एक वर्ग या व्यक्ति को निशाना बनाकर कार्रवाई करना उचित नहीं है।

 

महापौर के धरने और हस्तक्षेप के बाद निगम प्रशासन ने वाहनों को हटवा दिया। इसके साथ ही बुधवारी बाजार में व्यापारियों को हो रही तत्काल परेशानी दूर हुई।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -