ग्लोबल हंगर इंडेक्स (GHI) 2023 की लिस्ट में दुनियाभर के 125 देशों में भारत को 111वां स्थान मिला है। गुरुवार को जारी की गई रिपोर्ट में भारत के पड़ोसी देशों की स्थिति बेहतर है। हंगर इंडेक्स की लिस्ट में पाकिस्तान की रैंकिंग 102, बांग्लादेश की 81, नेपाल की 69 और श्रीलंका की 60 है।
भारत की रैंकिग में लगातार तीसरे साल गिरावट दर्ज की गई है। ग्लोबल हंगर इंडेक्स में 28.7 स्कोर के साथ भारत में भुखमरी की स्थिति को गंभीर बताया गया है। इससे पहले 2022 में 121 देशों की लिस्ट में भारत 107 नंबर पर था। 2021 में भारत को 101वां रैंक मिला था।
हालांकि भारत सरकार ने इस रिपोर्ट को गलत और और भ्रामक बताया है। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने कहा कि ग्लोबल हंगर इंडेक्स भारत की वास्तविक स्थिति को नहीं दर्शाता है। भारत ने आरोप लगाया कि यह देश की छवि खराब करने का प्रयास है।
केंद्र के मुताबिक, इस इंडेक्स के चार में से तीन इंडिकेटर बच्चों के स्वास्थ्य से जुड़े हैं और पूरी आबादी का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। वहीं चौथा और सबसे महत्वपूर्ण इंडिकेटर ओपिनियन पोल पर आधारित है।