बरेली: कोलकाता की ट्रेनी डॉक्टर की दुष्कर्म के बाद हत्या की खबर पर देशभर में उबाल है। वहीं अब बरेली की एक महिला डॉक्टर को जान से मारने की धमकी दी 121 गई है। इतना ही नहीं शादी करने से मना करने पर सिरफिरे ने तेजाब फेंककर जिंदगी नरक बनाने की भी धमकी दी है। दहशत के कारण डॉक्टर अपनी ड्यूटी पर नहीं जा पा रही है। मामले में डॉक्टर ने एसएसपी से शिकायत की। एसएसपी के आदेश पर महिला थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
मिनी बाईपास निवासी महिला डॉक्टर भोजीपुरा के एसआरएमएस हॉस्पिटल में डॉक्टर है। उसने तहरीर में बताया कि उनकी फेसबुक के माध्यम से तीन वर्ष पहले निखिल अरोरा नाम के व्यक्ति से जान पहचान हुई थी। एक-दूसरे के यहां आना जाना शुरू हुआ। डॉक्टर के अनुसार उन्हें कुछ बातें निखिल की ठीक नहीं लगीं तो उन्होंने संबंध खत्म कर लिए। फिर भी निखिल नहीं माना तो पुलिस से शिकायत करने की बात कही। इसपर आरोपी ने डॉक्टर के पिता से माफी मांग ली।
- Advertisement -
कुछ समय बाद आरोपी फिर डॉक्टर के सामने आ गया और शादी करने के लिए दवाब बनाने लगा। मना करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगा। डॉक्टर ने बताया कि आरोपी ने तेजाब डालकर जिंदगी नरक बनाने की धमकी दी। आरोपी ने कहा, 3-4 लाख रुपये दो, वर्ना तुझे बर्बाद कर दूंगा। बरेली, एसएसपी, अनुराग आर्य ने कहा कि एक महिला डॉक्टर ने शिकायत की थी। उसके आधार पर अभियोग पंजीकृत कराया गया है। जांच में जो साक्ष्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
शादीशुदा होने की बात छिपाकर रेप
फरीदपुर में खुद को अविवाहित बताकर युवक ने जीएनएम की छात्रा को शादी का झांसा देकर दो साल तक दुष्कर्म किया। उसके शादीशुदा होने की जानकारी होने पर छात्रा ने विरोध किया। उसने छात्रा का अपहरण करने के बाद जंगल में ले जाकर रेप किया। छात्रा के पिता की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज किया गया है।
शाहजहांपुर के खुदागंज के एक गांव की युवती फरीदपुर के इंस्टीट्यूट में जीएनएम की छात्रा है। छात्रा ने बताया कि फरीदपुर के कल्यानपुर गांव का मोहित शर्मा से दो साल पहले उससे प्रेम हो गया। उस समय छात्रा नाबालिक थी। पड़ोसी गांव का होने के नाते उसकी आए दिन उससे मुलाकात होती रहती थी। मोहित ने शादीशुदा होने की बात को छुपाकर शादी करने का झांसा दिया। इसके बाद से वह लगातार छात्रा से अवैध संबंध बना रहा था। छात्रा को जब उसके शादीशुदा होने के साथ दो बच्चों का पिता होने की जानकारी हुई तो विरोध किया।
बुधवार को छात्रा इंस्टीट्यूट जा रही थी। इसी दौरान उसने उसे रास्ते में रोककर बाइक पर बैठा लिया। आरोप है कि साठा पुलिया के पास उसने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म के बाद मोहित छात्रा को छोड़कर भाग निकाला। छात्रा ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिवार के लोगों ने इसकी पुलिस को सूचना दी। परिवार वालों के साथ पुलिस ने ढकनी के एक रेस्टोरेंट से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर रामसेवक ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
छात्रा के परिवार के लोगों ने दो लोगों को नामजद करते हुए तहरीर दी। लेकिन बाद में पीड़िता के परिवार वालों पर उसका नाम हटाने के लिए दबाव पड़ा। इसके बाद उन्होंने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। पूरे दिन चली हीला हवाली के बाद शाम 3:00 बजे मुकदमा दर्ज किया जा सका।