दिल्ली : हिंडनबर्ग ने अडानी समूह पर अपनी पिछली रिपोर्ट के 18 माह बाद एक ब्लॉग पोस्ट में आरोप लगाया, सेबी ने अडानी के मॉरीशस और ऑफशोर शेल कंपनियों के कथित अघोषित जाल में रुचि नहीं दिखाई, जो आश्चर्यजनक है। कांग्रेस ने हिंडनबर्ग रिसर्च द्वारा सेबी प्रमुख माधवी बुच पर लगाए गए आरोपों को लेकर शनिवार को उनकी निंदा की और लातिन कहावत का इस्तेमाल करते हुए कहा, ‘चौकीदार की चौकीदारी कौन करेगा।’ कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने हिंडनबर्ग की पोस्ट को टैग करते हुए सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘संसद को 12 अगस्त की शाम तक कार्यवाही के लिए अधिसूचित किया गया था।
अचानक 9 अगस्त की दोपहर को ही इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। अब हमें पता है कि क्यों।’ कांग्रेस ने शनिवार को केंद्र से अडानी समूह की नियामक जांच में हितों के सभी टकराव को खत्म करने के लिए तुरंत कार्रवाई करने की मांग की। विपक्षी दल ने यह भी कहा कि ‘देश के सर्वोच्च अधिकारियों की कथित मिलीभगत’ का समाधान केवल ‘घोटाले’ की पूर्ण जांच के लिए एक संयुक्त संसदीय समिति गठित करके ही किया जा सकता है।
सेबी प्रमुख ने हमारे पत्रों का जवाब क्यों नहीं दिया: प्रियंका चतुर्वेदी सेबी प्रमुख पर आरोपों के मद्देनजर शिवसेना-उद्धव बालासाहेब ठाकरे (शिवसेना-यूबीटी) की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने शनिवार को कहा कि अब यह स्पष्ट हो गया है कि सेबी ने अडानी समूह की कंपनियों के विवरण मांगने वाले उनके पत्रों का जवाब क्यों नहीं दिया। चतुर्वेदी ने पिछले साल अप्रैल में अडानी समूह की कंपनियों के खिलाफ जांच का ब्योरा मांगा था। शिवसेना यूबीटी प्रवक्ता आनंद दुबे ने कहा कि हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट से पता चलता है कि इस मामले में सेबी प्रमुख की संलिप्तता है। दुबे ने कहा, ‘सवाल यह है कि मामले की जांच कौन करेगा। जिस तरह से संसद सत्र संपन्न हुआ, उससे ऐसा लगता है कि कुछ गड़बड़ है।’ हिंडनबर्ग ने नए दावे में सेबी चेयरपर्सन को लपेटा अमेरिका की रिसर्च कंपनी हिंडनबर्ग ने शनिवार को अपनी नई रिपोर्ट में सेबी प्रमुख माधबी पुरी बुच पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हिंडनबर्ग रिसर्च के नए दावे के मुताबिक सेबी की चेयरपर्सन माधवी बुच और उनके पति की अडानी मनी साइफनिंग मामले में इस्तेमाल किए गए दोनों अस्पष्ट ऑफशोर फंडों में हिस्सेदारी थी। हालांकि सेबी की ओर से इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं आई है। इससे पहले हिंडनबर्ग रिसर्च ने सुबह सोशल मीडिया मंच एक्स पर ऐलान किया था कि भारत में कुछ बड़ा होने वाला है।





