ट्रेनी आईएएस पूजा खेडकर की मां का एक किसान को बंदूक लेकर धमकाने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद किसान द्वारा उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। अब पुणे ग्रामीण पुलिस जब सोमवार को उनसे पूछताछ करने पहुंची तो वह अपने घर पर नहीं मिली। एसपी पंकज देशमुख ने एएनआई से बात करते हुए बताया कि हम उन्हें लेने के लिए आए थे लेकिन वह फरार हैं, हमने उनसे संपर्क करने की कोशिश की लेकिन उनके दोनों नंबर बंद हैं, हमने उनके घर की भी तलाशी ली लेकिन वे वहां नहीं मिली।
पुलिस की कई टीमें लगीं ढूंढ़ने में
एसपी देशमुख के अनुसार, पूजा की मां मनोरमा खेडकर को ढूंढने के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है। लोकल ब्रांच और लोकल पुलिस भी पुणे और उसके आसपास के इलाकों में उनकी खोज कर रही है। उनके सारे फार्महाउस और घरों की तलाशी ली जा रही है। जैसे ही वह मिलती हैं तो उनके साथ पूछताछ की जाएगी फिर उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।
किसान ने सात लोगों के खिलाफ दर्ज करवाई थी एफआईआर
किसान ने मनोरमा और दिलीप खेड़कर समेत 7 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई थी। मनोरमा ने उसे बंदूक से धमकाया था, जबकि बाकी लोग वहीं खडे़ होकर मनोरमा का साथ दे रहे थे। पुलिस के अनुसार जो वीडियो पिछले दिनों वायरल हो रहा है वह 2023 में रिकॉर्ड हुआ था। यह घटना पुणे जिले के मुलसी तालुका की है। इसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया था।
खेडकर परिवार ने बताई हाथ में बंदूक होने की वजह
खेडकर परिवार के वकील ने कहा कि वीडियो में जो बंदूक मनोरमा के हाथ में दिखाई दे रही है वह सेल्फ डिफेंस के लिए है। वहां पर विवाद आगे बढ़ सकता था इसलिए मनोरमा ने अपनी आत्मरक्षा के लिए बंदूक निकाली थी।




