मुंबई : मुंबई में बीएमडब्लू केस का मुख्य आरोपी मिहिर शाह अभी भी फरार है। इस बीच मिहिर शाह को लेकर कई जानकारियां सामने आई हैं। इसमें सबसे ज्यादा चौंकाने वाली जानकारी तो मिहिर के एजुकेशनल बैकग्राउंड को लेकर है। जानकारी के मुताबिक मिहिर शाह ने मात्र 10वीं तक की पढ़ाई की है। इसके बाद उसने पढ़ाई से बिल्कुल तौबा ही कर ली। बताया जाता है कि पढ़ाई छोड़ने के बाद से ही मिहिर अपने पिता के कारोबार में हाथ बंटाने में लग गया। गौरतलब है कि मुंबई के वर्ली इलाके में रविवार सुबह बेकाबू बीएमडब्ल्यू कार ने एक दोपहिया वाहन को उड़ा दिया। हादसे में बाइक पर सवार एक महिला की मौत हो गई। पुलिस ने शिवसेना नेता सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
बताया जाता है कि जिस बीएमडब्लू कार से हादसा हुआ है उसे मिहिर ही चला रहा था। एक तरफ मिहिर शाह की तलाश के लिए पुलिस टीमें लगी हुई हैं। वहीं दूसरी तरफ उसके बारे में चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं। आज तक के मुताबिक 24 साल के मिहिर ने मात्र हाईस्कूल तक पढ़ाई की है। इसके बाद उसने स्कूल जाना ही बंद कर दिया। पढ़ाई छोड़ने के बाद वह अपने पिता एकनाथ शिंदे गुट के नेता राजेश शाह के कारोबार में हाथ बंटाने लगा। राजेश शाह का कंस्ट्रक्शन और रियल एस्टेट का बिजनेस है।
यह मामला ऐसे वक्त में सामने आया है जब दो महीने से भी कम समय पहले 19 मई को पुणे के कल्याणी नगर में पोर्श कार दुर्घटना हुई थी। इसमें कथित तौर पर शराब के नशे में गाड़ी चला रहे नाबालिग ने एक मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी थी, जिसमें दो आईटी पेशेवरों की मौत हो गई थी। यह मामला राष्ट्रीय स्तर पर तब सुर्खियों में आया जब किशोर न्याय बोर्ड ने लड़के को आसान शर्तों पर जमानत दे दी थी।





