आज से शुरू होगी कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’, मणिपुर से होगा आगाज और मुंबई में होगी खत्म

- Advertisement -

नई दिल्ली: भारत जोड़ो यात्रा के बाद अब कांग्रेस पार्टी इसका दूसरा हिस्सा शुरू करने जा रही है। पिछली बार जहां यात्रा दक्षिण से उत्तर की ओर हुई थी तो इस बार यह पूर्व से शुरू होकर पश्चिम में समाप्त होगी। यात्रा 14 जनवरी से मणिपुर के थोबल से शुरू होकर महाराष्ट्र के मुंबई में मार्च महीने में समाप्त होनी है। इस दौरान यह देश के विभिन्न 15 राज्यों से होकर गुजरेगी। भारत जोड़ो न्याय यात्रा पहले मणिपुर की राजधानी इंफाल से शुरू होनी थी लेकिन राज्य सरकार से अनुमति ना मिलने के बाद अब यह थोबुल से शुरू हो रही है।

मल्लिकार्जुन खरगे इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे इस यात्रा को हरी झंडी दिखाएंगे। ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा ‘ शुरू करने से पहले राहुल गांधी थोबल में खोंगजोम युद्ध स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देंगे। यह एक ऐतिहासिक स्मारक है, जिसका उद्घाटन 2016 में तत्कालीन राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने किया था। यात्रा के दौरान राहुल गांधी हर दिन दो सभाओं को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, वह हर दिन समाज के विभिन्न वर्गों के 20 से 25 लोगों से मिलेंगे। वह सामाजिक संगठनों के सदस्यों के साथ भी बातचीत करेंगे।

- Advertisement -

कांग्रेस ने शनिवार को कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में रविवार से मणिपुर से शुरू हो रही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ चुनावी नहीं, बल्कि वैचारिक यात्रा है तथा यह मोदी सरकार के पिछले 10 साल के ‘अन्याय काल’ के खिलाफ निकाली जा रही है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने यात्रा की शुरुआत से एक दिन पहले भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि आज देश के सामने एक ऐसी विचारधारा की चुनौती है जो ध्रुवीकरण, अमीरों को और अमीर बनाने तथा राजनीतिक तानाशाही में विश्वास करती है। रमेश ने कहा कि अगले 11 दिनों के दौरान यात्रा पूर्वोत्तर के पांच राज्यों से होकर गुजरेगी। 23 जनवरी को राहुल गांधी घोषणापत्र के सिलसिले में गुवाहाटी में लोगों से जनसंवाद करेंगे। कांग्रेस ने इस यात्रा के लिए विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के अपने सहयोगी दलों के नेताओं को भी आमंत्रित किया है और उसे उम्मीद है कि विभिन्न राज्यों में इस गठबंधन से जुड़े दलों के प्रमुख नेता यात्रा का हिस्सा बनेंगे। रमेश ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शनिवार को ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों के नेताओं को यात्रा में भाग लेने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित किया है।

67 दिन में 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ 

लोकसभा चुनाव से पहले निकाली जा रही यह यात्रा 67 दिन में 15 राज्यों और 110 जिलों से होकर गुजरेगी।‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ के दौरान लगभग 6,700 किलोमीटर की दूरी तय की जायेगी। यात्रा ज्यादातर बस से होगी, लेकिन कहीं-कहीं पदयात्रा भी होगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सात सितंबर 2022 से 30 जनवरी 2023 तक कन्याकुमारी से कश्मीर तक ‘भारत जोड़ो यात्रा’ निकाली थी। उनकी 136 दिन की इस पदयात्रा में 12 राज्यों और दो केंद्रशासित प्रदेशों के 75 जिलों और 76 लोकसभा क्षेत्रों से गुजरते हुए 4,081 किलोमीटर की दूरी तय की गई थी।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -