छत्तीसगढ़ में दूसरे चरण के लिए कांकेर लोकसभा में शुक्रवार 26 अप्रैल को सुबह 7 बजे से वोटिंग जारी है। कोंडागांव में के केशकाल के फ्रसगांव में भी सुबह से लंबी कतार लगी हुई है। कांकेर के मतदान केंद्र क्रमांक 72 सुभाष वार्ड 2 में मतदाता मतदान कर रहे हैं। वोटर्स में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
गरूर में हल्दी में रंगे दूल्हा-दुल्हनों ने किया मतदान
गुरुर विकासखंड के मतदान केंद्र कपरमेटा में हल्दी में रंगे दूल्हा लोकेश्वर टेकाम ने बारात के पहले मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। इसी तरह मतदान केंद्र सुर्रा गांव में 2 दुल्हन वेदप्रिया और संतोषी ने अपने माता-पिता के साथ मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। इसके अलावा डौंडी ब्लॉक के मतदान केंद्र महामाया में नव वधु सुलोचना ने मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया।


कांकेर में एक दूल्हा बारात जाने से पहले गाजे-बाजे के साथ मतदान केन्द्र पहुंचा। जहां पहले वोट किया, फिर बारात लेकर दुल्हन को लेने निकल गया।

चुनाव के खिलाफ नक्सलियों ने लगाए बैनर
कांकेर में नक्सलियों ने बैनर लगाकर चुनाव का बहिष्कार किया है। मरबेड़ा मतदान केंद्र से 1 से डेढ़ किलोमीटर दूरी मुख्य सड़क किनारे नक्सलियों ने बैनर लगाया है। दहशत फैलाकर नक्सली लोगों को डरा रहे हैं, इसके बाद भी मतदान को लेकर उत्साह है। छोटे बेठिया क्षेत्र में ही 16 अप्रेल को मुठभेड़ में 29 नक्सली मारे गए थे।


कांकेर लोकसभा के कोंडागांव के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में मतदाताओं में उत्साह का माहौल है। केशकाल विधानसभा के ग्राम कोनगुड नक्सल गतिवाधियों के चलते अति संवेदनशील क्षेत्र माना जाता है। इस चुनाव में वहां भी ग्रामीणों में वोट को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। वोट करने के लिए घंटों इंतजार करते दिखे रहे हैं। सारे काम छोड़कर वोट देने पहुंच रहे हैं।

कांकेर लोकसभा के निवर्तमान सांसद मोहन मंडावी ने मतदान किया। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी बिरेश ठाकुर भी परिवार सहित वोट डालने के लिए पहुंचे।





