कोरबा। केंद्रीय वित्तमंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026-27 को छत्तीसगढ़ भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महामंत्री जावेद मेमन ने सराहनीय बताते हुए इसे विकसित भारत का बजट कहा है। उन्होंने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तैयार यह बजट देश को 2047 तक विकसित भारत बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
जावेद मेमन ने कहा कि इस बजट में अल्पसंख्यक मामलों के मंत्रालय का बजट बढ़ाकर 3400 करोड़ रुपये कर दिया गया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में वृद्धि दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह प्रावधान अल्पसंख्यक समुदायों के सामाजिक-आर्थिक उत्थान, शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों को सुदृढ़ करने में सहायक होगा। जावेद मेमन ने कहा कि यह बजट समाज के हर वर्ग को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। किसानों, युवाओं, महिलाओं, श्रमिकों और मध्यम वर्ग के साथ-साथ अल्पसंख्यक समुदायों के लिए भी इसमें ठोस योजनाएँ शामिल हैं। शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए प्रावधान आने वाली पीढ़ियों को सशक्त बनाएंगे, वहीं रोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली योजनाएँ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को मजबूत करेंगी।
प्रदेश महामंत्री जावेद मेमन ने कहा कि यह बजट केवल वित्तीय घोषणाओं का दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने वाला दूरदर्शी और जन-कल्याणकारी दृष्टिकोण है। प्रधानमंत्री जी और वित्तमंत्री ने जिस तरह से हर वर्ग को ध्यान में रखकर योजनाएँ प्रस्तुत की हैं, वह सुशासन और संवेदनशील नेतृत्व का प्रमाण है।
जावेद मेमन ने विश्वास व्यक्त किया कि इस बजट से छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में विकास की नई धारा प्रवाहित होगी। विशेषकर अल्पसंख्यक समुदायों, छोटे व्यवसायों और स्थानीय उद्योगों को इससे लाभ मिलेगा, जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था और सामाजिक समरसता और मजबूत होगी। जावेद मेमन ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और वित्तमंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह बजट वास्तव में विकसित भारत का सर्वस्पर्शी बजट है, जो हर नागरिक के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने वाला है।




