पश्चिम बंगाल के कोलकाता में शुक्रवार को महिला प्रशिक्षु की रेप के बाद हत्या कर दी गई। पुलिस की प्रारंभिक शव परीक्षण रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि ट्रेनी डॉक्टर के आंख, मुंह और प्राइवेट पार्ट से खून निकल रहा था। इसके अलावा गर्दन की हड्डी भी टूटी गई। दरिंदे ने हैवानियत की हदें पार कर दी थी। इस मामले में एक आरोपी को पुलिस गिरफ्तार कर चुकी है। कोलकाता में इस घटना को लेकर लोगों में गुस्सा है। इस बीच पुरबा बर्धमान जिले में पुलिस ने अस्पताल के एक मरीज को गिरफ्तार किया है। उसने कथित तौर पर महिला डॉक्टर को कोलकाता की ट्रेनी डॉक्टर जैसा हाल करने की धमकी दी। कहा कि सही से इलाज करो वरना कोलकाता के अस्पताल में क्या हुआ है? मालूम है न…
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, आरोपी सुशांत रॉय अस्पताल का मरीज ही था, उसने महिला डॉक्टर को महिला प्रशिक्षु जैसा हाल करने की चेतावनी दी थी। मामला पुरबा बर्धमान सरकारी अस्पताल का है। जब आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर डॉक्टरों और नर्सों ने विरोध प्रदर्शन किया, तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। एक जिला स्वास्थ्य अधिकारी ने पीटीआई को बताया, “अस्पताल के मरीज सुशांत ने कथित तौर पर महिला चिकित्सक से कहा कि यदि उसका ठीक से इलाज नहीं किया, तो वह कोलकाता के आरजी कर अस्पताल की महिला प्रशिक्षु जैसा ही उसका भी हाल कर देगा।”
अधिकारी ने कहा, “डॉक्टर ने अपना काम जारी रखा और मरीज का इलाज करतीं रही। हालांकि इसके बाद उन्होंने अपने साथी कर्मचारियों को इस बारे में जानकारी दी। इसके बाद आज हम सभी लोगों ने उसे दंडित करने के लिए पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
एक रिपोर्ट में पुलिस अधिकारियों के हवाले से कहा गया, “हमें पता चला है कि आरोपी इलाज के लिए भटार सरकारी अस्पताल गया था और उसने महिला डॉक्टर को उसका इलाज शुरू करने में देरी करने के लिए धमकाया था। उसने कहा, ‘क्या तुमने देखा कि आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में क्या हुआ? यह तुम्हारे साथ भी हो सकता है'” ।




