संसद के मानसून सत्र का शुक्रवार (26 जुलाई) को पांचवा दिन है। आज लगातार तीसरे दिन दोनों सदनों में बजट पर बहस होगी। दोनों सदनों में कारगिल के शहीदों को श्रद्धांजलि दी गई। सभी सांसदों ने 2 मिनट का मौन रखा।
मौन से पहले स्पीकर ओम बिरला ने कहा- हमारा देश भारतीय सेना के अद्भुत पराक्रम को याद कर रहा है। हमारे सैनिकों ने साहस और असाधारण वीरता का परिचय दिया। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर यह सभा वीर सैनिकों को नमन करती है।
सत्र शुरू होने से पहले लोकसभा सांसद मनीष तिवारी ने स्थगन प्रस्ताव की मांग की। उन्होंने कहा है कि सीमा पर स्थिति और चीन के साथ रिश्तों को लेकर चर्चा होनी चाहिए। हालांकि, यह प्रस्ताव खारिज हो गया है।





