नई दिल्ली : दिल्ली के IGI एयरपोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था संभालने वाली CISF ने शुक्रवार को कजाकिस्तान जा रहे एक यात्री से भारी मात्रा में विभिन्न प्रकार की दवाइयां बरामद कीं, जिनका बाजार मूल्य करीब 49 लाख रुपए बताया जा रहा है। पूछताछ करने पर यात्री इतनी दवाइयां ले जाने से जुड़ा कोई भी जरूरी दस्तावेज नहीं दिखा सका। जिसके बाद CISF ने उसे दवाओं के साथ कस्टम विभाग को सौंप दिया।
CISF ने एक प्रेस रिलीज जारी करते हुए इस घटना की जानकारी दी, जिसमें बताया गया कि उक्त यात्री की पहचान खबीबुल्लाव अब्दुमुतालिबजोन खोतमजोन उगली के रूप में हुई। जो कि कजाकिस्तान का निवासी है और वहां के अल्माटी शहर की उड़ान पकड़ने वाला था। बताया जा रहा है कि संदिग्ध गतिविधियों की वजह से सुरक्षाकर्मियों को उस पर शक हुआ था।
प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक, ’19 जुलाई को सुबह करीब 9 बजे व्यवहार जांच के आधार पर CISF के निगरानी और खुफिया कर्मचारियों ने IGI हवाई अड्डे के टर्मिनल 3 के चेक-इन क्षेत्र में एक विदेशी यात्री की संदिग्ध गतिविधियों को देखा। बाद में उस यात्री की पहचान उज्बेक नागरिक खबीबुल्लाव अब्दुमुतालिबजोन के रूप में हुई, जो एयर अस्थाना की उड़ान संख्या केसी-908 (STD-1135 बजे) से अल्माटी जा रहा था।’
आगे बताया गया कि ‘एक्स-BIS मशीन के माध्यम से उसके बैगेज यानी एक ट्रॉली बैग और दो कार्टन बॉक्स की जांच करने पर कुछ संदिग्ध चीजें दिखाई दीं।’ इसके बाद, यात्री को चेक-इन औपचारिकताओं को पूरा करने की अनुमति दी गई और शारीरिक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के माध्यम से उस पर कड़ी निगरानी रखी गई। चेक-इन प्रक्रिया और आव्रजन औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद, यात्री को CISF निगरानी और खुफिया कर्मचारियों ने रोक लिया और प्रस्थान कस्टम ऑफिस में लाया गया।
फिर यहां कस्टम अधिकारियों की मौजूदगी में उसके चेक-इन बैगेज की गहन जांच करने पर उसके पास से विभिन्न प्रकार की भारी मात्रा में दवाइयां बरामद हुईं, जिनकी कीमत करीब 49 लाख रुपए है। पूछताछ करने पर यात्री इतनी बड़ी मात्रा में दवाइयां ले जाने के लिए जरूरी सहायक दस्तावेज नहीं दिखा सका। बाद में, उस यात्री को बरामद दवाओं के साथ मामले में आगे की कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग को सौंप दिया गया।





