पंजाब की जेल में हुआ लॉरेंस बिश्नोई का इंटरव्यू, सिग्नल ऐप का हुआ इस्तेमाल; हाई कोर्ट में बोली SIT

- Advertisement -

जेल में हुए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के इंटरव्यू को लेकर गठित एसआईटी ने खुलासा किया है कि उसका पहला इंटरव्यू पंजाब की जेल में हुआ था। इंटरव्यू के लिए सिग्नल ऐप का इस्तेमाल किया गया था। हाईकोर्ट के आदेश पर इस मामले में जांच स्पेशल डीजीपी ह्यूमन राइट्स प्रबोध कुमार की अध्यक्षता वाली एसआईटी को सौंपी थी।

एसआईटी की ओर से बुधवार को हाईकोर्ट में बताया गया कि अभी तक की जांच में यह सामने आया है कि सिग्नल ऐप के जरिए यह इंटरव्यू पंजाब की हदों के भीतर किया गया था। अभी जांच जारी है और कुछ अहम गवाहों से पूछताछ की जानी है। इसके लिए हाईकोर्ट से मोहलत मांगी गई है। हाईकोर्ट में एसआईटी ने जांच की अंतरिम सीलबंद रिपोर्ट सौंपी गई थी। इस रिपोर्ट को देखने के बाद हाईकोर्ट ने दोबारा सील बंद कर इसे वापस कर दिया।

- Advertisement -

आप सरकार का एक और झूठ उजागर: सुखबीर बादल
वहीं, इस मामले पर शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर बादल ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार को घेरा है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि आज पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में एसआईटी ने साफ कर दिया है कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का इंटरव्यू पंजाब जेल में हुआ था। पंजाब के मुख्यमंत्री, गृहमंत्री भगवंत मान और डीजीपी साब कहते थे कि इंटरव्यू पंजाब के बाहर हुआ था। इन सबके लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार भगवंत मान हैं, जो एक तरफ गैंगस्टरों को बचा रहा है और दूसरी तरफ झूठ बोलकर पंजाबियों को बेवकूफ बना रहा है। अब सच्चाई सामने आने पर भगवंत मान को नैतिक आधार पर इस्तीफा दे देना चाहिए।

डीजीपी- पंजाब की किसी जेल से नहीं हुआ इंटरव्यू
गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का इंटरव्यू साल 2023 में 14 और 17 मार्च को प्रसारित हुआ था। हालांकि उस समय पंजाब पुलिस पर सवाल उठे थे। फिर डीजीपी गौरव यादव ने दावा किया था कि इंटरव्यू बठिंडा या पंजाब की किसी भी जेल से नहीं हुआ है। इस मामले की जांच के लिए हाई कोर्ट ने विशेष डीजीपी प्रबोध कुमार की अगुवाई में एसआईटी का गठन किया गया था। फिलहाल गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई  गुजरात की जेल में नशा तस्करी से जुड़े केस में बंद है।

पाकिस्तान के कुख्यात डॉन को दी थी ईद की बधाई
हाल ही में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मास्टरमाइंड कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस का 17 सेकेंड का वीडियो कॉल वायरल हुआ था। इसमें वह पाकिस्तान के कुख्यात डॉन शहजाद भट्‌टी से बात करते हुए नजर आ रहा है। लॉरेंस भट्‌टी को ईद की बधाई दे रहा है। वीडियो को लेकर पुलिस ने कहा कि यह वीडियो साबरमती जेल का नहीं है। वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कई सवाल खड़े हो रहे हैं। इस से पता चलता है कि लॉरेंस बिश्नोई बेखौफ जेल से ही अपना नेटवर्क चला रहा है।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -