कोरबा/ब्लैकआउट न्यूज़- छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग 2021 की परीक्षा में राजीव सिंह कंवर का उप-पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर चयन हुआ है। इस सफलता पर अपर कलेक्टर श्री विजेन्द्र सिंह पाटले ने राजीव सिंह को मिठाई खिलाकर बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं। राजीव सिंह कंवर की माता श्रीमती गीता बाई गृहणी एवं पिता राम सिंह कंवर राजमिस्त्री हैं। राजीव सिंह कंवर की प्रारंभिक शिक्षा सक्ती में हुई। उसके बाद आगे की पढ़ाई सर्वमंगला विद्या निकेतन सुराकछार व घुड़देवा हुई।
और पढ़िए –KORBA : घर के छत से गिरने से युवक घायल,डायल 112 मदद से पहुंचाया गया अस्पताल
राजीव ने इंजीनियरिंग की पढ़ाई शासकीय इंजीनियरिंग महाविद्यालय जगदलपुर में माईनिंग ब्रांच से पूरी की है। मुख्य परीक्षा में तीन बार असफल होने के बाद चौथे प्रयास में उन्हें ओवर ऑल 290 रैंक व अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग में 14 वां रैंक प्राप्त हुआ और उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के पद पर चयनित हुए हैं। राजीव ने अपनी सफलता का श्रेय अपने नानी, माता-पिता व बड़े भाई राज कुमार को दिया है। राजीव के बड़े भाई राज कुमार वर्तमान में कोरबा कलेक्टर कार्यालय में सहायक ग्रेड-03 के पद पर पदस्थ हैं।
पीएससी परीक्षा में सफल होने पर राजीव ने कहा कि सामान्य घर व मेहनत मजदूरी करके जीवन यापन करने वाले के बच्चे भी अपनी मेहनत, कठिन प्रयास व दृढ़ संकल्प के बल पर सफलता अर्जित कर सकते हैं। लक्ष्य ऐसा तय करें जो उसको प्राप्त करने के लिए हमेशा आपको प्रेरित करता रहे।