कोरबा। Korba Breaking शहर के बीचों-बीच शुक्रवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब निर्माणाधीन फ्लैट के पीछे बनी पक्की बाउंड्री वॉल का हिस्सा अचानक ढह गया। दीवार के मलबे में दबकर डेढ़ वर्षीय मासूम सहित तीन लोग घायल हो गए, जिनमें बच्चे की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों में आक्रोश भी देखा गया।
Korba Breaking : लक्ष्मण बन तालाब के पास हादसा

यह हादसा शाम करीब 6 बजे लक्ष्मण बन तालाब के पास हुआ, जहां एक फ्लैट का निर्माण कार्य चल रहा है। फ्लैट के पीछे खाली जमीन पर बनी लंबी-चौड़ी बाउंड्री वॉल पर कंटीले तार भी लगाए गए थे।
बताया जा रहा है कि दीवार के अंदर की ओर जेसीबी मशीन से मलबा और रेत हटाने का काम किया जा रहा था। इसी दौरान जेसीबी का धक्का लगने से बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर पड़ा।
Korba Breaking : रास्ते से गुजर रहे लोग आए चपेट में

हादसे के समय पास से गुजर रहे और आसपास खेल रहे लोग मलबे की चपेट में आ गए। मलबे में दबने से स्थानीय निवासी डेढ़ वर्षीय धनेश कर्ष, संजू कर्ष (20 वर्ष) और विशाल यादव (18 वर्ष) घायल हो गए।
घायलों को तुरंत बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया। मासूम की हालत गंभीर बताई जा रही है।
Korba Breaking : वाहन भी क्षतिग्रस्त, लोगों की भीड़ जुटी
दीवार गिरने से एक युवक की मोटरसाइकिल और किनारे खड़ी सवारी ऑटो भी क्षतिग्रस्त हो गई। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए और राहत कार्य में जुट गए।




