बीजापुर जिले में प्रेशर IED की चपेट में आने से एक बुजुर्ग महिला जख्मी हो गई है। बताया जा रहा है कि वह टोरा बीनने जंगल गई हुई थी। इसी दौरान नक्सलियों की लगाई IED की चपेट में आने से धमाका हो गया। महिला के दोनों पैरों के चीथड़े उड़ गए हैं। फिलहाल जिला अस्पताल में इलाज जारी है। मामला उसूर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग हिला जिले के नड़पल्ली गांव की रहने वाली थी। आज सुबह गांव वालों के साथ हमेशा की तरह वनोपज संग्रहण के लिए जंगल गई हुई थी। वहीं टोरा संग्रहण करते वक्त महिला का पैर नक्सलियों की लगाई IED की चपेट में आ गया, जिससे जोर का धमाका हुआ। महिला के दोनों पैरों के चीथड़े उड़ गए थे।
CRPF ने पहुंचाया अस्पताल
वहां मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह महिला को पहले घर लेकर आए, जिसके बाद जब इस बात की जानकारी CRPF के जवानों को मिली तो जवान गांव पहुंचे और महिला को फौरन बीजापुर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां महिला का इलाज चल रहा है। महिला की स्थिति काफी गंभीर बनी हुई है।
जवानों को नुकसान पहुंचाने प्लांट किया था बम
दरअसल, पुलिस फोर्स लगातार उस इलाके में नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन पर निकलती रहती है। यही वजह है कि नक्सली जवानों को नुकसान पहुंचाने के मंसूबे से इलाके में IED प्लांट कर रखे थे। जिसकी जद में महिला आ गई। इस हादसे के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।





