बस्तर को नक्सलियों का गढ़ कहा जाता है और अबूझमाड़ को नक्सली अपनी राजधानी कहते हैं। नारायणपुर, बीजापुर और महाराष्ट्र के करीब 5 हजार 200 वर्ग मीटर में फैले अबूझमाड़ के काले अंधेरे को खत्म करने अब फोर्स ने सूर्य शक्ति नाम से स्पेशल ऑपरेशन लॉन्च किया है। यहां 1-1 करोड़ रुपए के कई नक्सलियों को घेरने की रणनीति है।
खास बात है कि ऑपरेशन लॉन्च होते ही फोर्स के स्पेशल कमांडोज ने नक्सलियों के हेडक्वॉर्टर में घुसकर 10 नक्सलियों को ढेर कर दिया। इनमें 1 लाख रुपए से लेकर 25 लाख रुपए तक के इनामी थे। सभी पर कुल 63 लाख रुपए का इनाम था। यह नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन सूर्य शक्ति की पहली बड़ी सफलता है। अफसरों की मानें तो अबूझमाड़ को अब जवान समझने लगे हैं।

क्या है ऑपरेशन सूर्य शक्ति की खासियत
नारायणपुर जिले में अबूझमाड़ कुल 4 हजार वर्ग मीटर में फैला हुआ है, जबकि बीजापुर जिले में 600 और महाराष्ट्र में 400 वर्ग मीटर का दायरा है। दंतेवाड़ा से भी कुछ हिस्सा लगा हुआ है। इस तरह लगभग 5200 वर्गमीटर में फैले अबूझमाड़ को समझना और यहां नक्सलियों के खिलाफ स्ट्रेटजी बनाना, फोर्स के लिए भी आसान नहीं था।
नक्सलियों से लड़ने कमांडोज को स्पेशल ट्रेनिंग
बस्तर का सबसे घने जंगल वाला ये इलाका नक्सलियों का सबसे सुरक्षित ठिकाना है। अबूझमाड़ को समझने के लिए पुलिस फोर्स एक नई स्ट्रेटजी के तहत काम कर रही है। फोर्स में जंगल वार की स्पेशल ट्रेनिंग लिए सैकड़ों कमांडोज हैं।

महीनों की प्लानिंग के बाद ऑपरेशन सूर्य शक्ति
माओवाद के काले अंधेरे से छटपटा रहे अबूझमाड़ को समझने, सूर्य की रोशनी की तरह माड़ को चमकाने ऑपरेशन सूर्य शक्ति लॉन्च किया गया। कई महीनों की प्लानिंग के तहत पुलिस ने साल 2024 में अन्य जिलों से हटकर नक्सलियों के खिलाफ इस ऑपरेशन को लॉन्च किया है।
साथ ही स्पेशल कमांडोज के साथ DRG, STF और फोर्स की अन्य टुकड़ियों को इस ऑपरेशन के लिए तैयार किया गया है। इनमें अच्छे फाइटर्स हैं। ये टुकड़ी अब नक्सलियों के खिलाफ लगातार ऑपरेशंस पर निकल रही है। अफसरों का दावा है कि इस इलाके से भी नक्सलियों को बैकफुट पर धकेलेंगे।
अबूझमाड़ में नक्सलियों के ये बड़े कैडर
अबूझमाड़ नक्सलियों की राजधानी कहा जाता है। बस्तर में यहीं से नक्सली अपना संगठन ऑपरेट करते हैं। ॉनक्सलियों का पोलित ब्यूरो मेंबर और जनरल सेक्रेटरी बसवा राजू, पोलित ब्यूरो मेंबर वेणु गोपाल उर्फ सोनू, DKSZC मेंबर चंद्रन्ना रेड्डी समेत नक्सलियों के की बड़े कैडर यहां मौजूद हैं।
इनमें बसवा राजू और वेणु गोपाल पर 1-1 करोड़ रुपए का इनाम घोषित है। जबकि चंद्रन्ना रेड्डी 60 लाख रुपए का इनामी नक्सली है।





