गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) – ब्लैकआउट न्यूज़- अवैध रूप से भंडारित किए गए 251 क्विंटल धान जब्त किया गया, जिसकी कीमत 6 लाख 77 हजार 700 रुपए है। छत्तीसगढ़ में एक नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी होनी है। ऐसे में धान उपार्जन केंद्रों में अवैध धान की आवक की रोकथाम के लिए जांच अभियान शुरू हो गया है। मामला पेंड्रा थाना क्षेत्र का है।
यह भी पढ़ें – मंत्री सिंहदेव ने विस उपाध्यक्ष मंडावी के निधन पर जताया शोक
कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी के निर्देशानुसार, खाद्य, राजस्व और कृषि उपज मंडी की संयुक्त टीम ने जिले के 10 थोक एवं फुटकर व्यापारियों के गोदाम में छापेमार कार्रवाई की, जिसमें से 4 व्यापारियों के गोदाम से 251.50 क्विंटल धान जब्त किया गया। गोदाम में उपलब्ध दस्तावेज से अधिक धान के भंडारण पर ये कार्रवाई की गई। जिला प्रशासन की टीम ने एक व्यापारी के गोदाम को सील भी कर दिया।
यह भी पढ़ें –साढ़े 5 करोड़ का घोटाला,6 समिति प्रभारियों को कारण बताओ नोटिस; 2 आरोपियों की हो चुकी है गिरफ्तारी
इधर जिला प्रशासन की कार्रवाई से अवैध धान भंडारण करने वाले व्यापारियों में हड़कंप मच गया है। कलेक्टर ऋचा प्रकाश चौधरी ने कहा कि ये कार्रवाई चलती रहेगी। इस साल छत्तीसगढ़ में खरीफ वर्ष 2022-23 में किसानों से 110 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी का अनुमान है। समर्थन मूल्य पर पंजीकृत किसानों से धान खरीदी की शुरुआत एक नवंबर से की जाएगी। धान खरीदी 31 जनवरी 2023 तक की जाएगी। किसान पंजीयन का काम 31 अक्टूबर तक किया जाएगा। अभी तक पिछले वर्ष के पंजीकृत 24.05 लाख किसानों का पंजीयन विस्तारित किया गया है और 95 हजार नए किसान पंजीकृत हुए हैं।
खरीदी केंद्रों में अवैध धान की आवक रोकने और संवेदनशील खरीदी केंद्रों की पहचान के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने सभी जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी किए गए हैं। धान खरीदी सॉफ्टवेयर को भी अपडेट किया गया है, ताकि कोई भी दिक्कत नहीं हो। धान खरीदी की मॉनिटरिंग करने जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा चुके हैं। केंद्रों में टोकन के हिसाब से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की जाएगी।