दंतेवाड़ा : छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा-बीजापुर जिले की सरहद पर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। गंगालूर एरिया कमेटी के नक्सलियों के साथ 2 अलग-अलग जगहों पर गोलीबारी हुई है। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली मौके से भाग निकले हैं। हालांकि, जवानों ने नक्सलियों के कैंप को ध्वस्त कर दिया है। 3 दिनों के ऑपरेशन के बाद गुरुवार को जवान लौटे हैं। दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी इतावर और पीडिया के जंगल में भारी संख्या में नक्सली मौजूद हैं। जिस पर 20 फरवरी को बीजापुर और दंतेवाड़ा जिले से DRG, STF, कोबरा बटालियन के जवानों को मौके के लिए निकाला गया था। जब जवान इसी इलाके के जंगल में पहुंचे तो यहां पहले से ही घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने जवानों पर फायरिंग कर दी।
दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी हुई। जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली मौके से भाग निकले। वहीं ऑपरेशन के बाद जवान जब लौट रहे थे तो फिर से नक्सलियों ने लेंड्रा-कोरचोली के बीच फिर से जवानों पर फायर खोल दिया। यहां भी जवानों ने नक्सलियों की गोलियों का जवाब दिया। जिसके बाद नक्सली मौके से भाग निकले। फिर जवानों ने नक्सलियों के कैंप को ध्वस्त कर दिया। मौके से भारी मात्रा में दैनिक उपयोग का सामान समेत अन्य सामग्री बरामद की गई है। 3 दिन बाद आज जवान जिला मुख्यालय लौटे हैं। जिसके बाद पुलिस ने मीडिया को इसकी जानकारी दी है।





