बिहार में 5 दिनों में दूसरा पुल ढह गया। शनिवार सुबह सीवान के महाराजगंज अनुमंडल के पटेढ़ा और गरौली गांव के बीच गंडक नहर पर बना पुल अचानक टूट गया। एक पिलर के धंसते ही पुल भर-भराकर नहर में समा गया।
हादसे का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि पिलर अपनी जगह से खिसकता है, धीरे-धीरे पुल धराशायी हो जाता है। पुल के टूटने से दो गांव के बीच का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया है।
ग्रामीणों ने बताया कि विभाग ने नहर की सफाई कराई थी। नहर की मिट्टी काटकर बांध पर फेंकी गई थी। इस वजह से पुल का पिलर काफी कमजोर हो गया था, जिसके कारण टूट गया।
इससे 5 दिन पहले अररिया के सिकटी में बकरा नदी पर बना पुल उद्घाटन से पहले मंगलवार को नदी में समा गया था। पुल 31 करोड़ रुपए की लागत से बना था। पिछले 13 साल में यह पुल तीसरी बार बन रहा था।
पुल गिरने की कुछ तस्वीरें देखिए…



30 साल पहले बना था पुल
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि नहर की सफाई के दौरान विभाग ने सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया, जिससे पुल के पिलर पर अतिरिक्त भार पड़ गया और यह हादसा हो गया। इस पुल की चौड़ाई लगभग 30 फीट थी। लगभग 30 साल पहले इस पुल का निर्माण कराया गया था।
हालांकि, इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन पुल के टूटने से आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है। इससे ग्रामीणों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। बच्चों का स्कूल जाना, किसानों का खेतों तक पहुंचना और मरीजों का अस्पताल जाना भी मुश्किल हो गया है।
स्थानीय बलराम साह ने बताया कि यह पुल गांव के ही लोगों ने 1990 में बनवाया था। चंदा जमा करके नींव और 3 खंभे बनाए गए थे। बाद में तब के विधायक उमाशंकर सिंह ने लोगों की मांग पर पुल की ढलाई का काम कराया था। हाल में गंडक विभाग के लोगों ने नहर की सफाई करने के दौरान पिलर के पास की मिट्टी निकाल दी। आज पानी आया और कमजोर हो गया पिलर टूट गया।





