बीजापुर जिले में बेलम गुट्टा की पहाड़ी पर पुलिस और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई है। फायरिंग में पुलिस ने 3 नक्सलियों के मारे जाने का दावा किया है। सारे जवान सुरक्षित हैं। जवान अब भी मौके पर ही मौजूद हैं। मामला बांसागुड़ा थाना क्षेत्र का है। इलाके में सर्चिंग जारी है।
जानकारी के मुताबिक, पुलिस को नेड्रा के जंगलों में मद्देड़ एरिया कमेटी DVCM विनोद कर्मा, आवापल्ली LOS राजू पुनेम, ACM विश्वनाथ, गुड्डू तेलाम और अन्य 20-25 सशस्त्र नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिली थी।

इसी सूचना के आधार पर बीजापुर DRG और कोबरा 210 बटालियन की संयुक्त टीम को रवाना किया गया। शनिवार की सुबह बेलम गुट्टा के पहाड़ी में पुलिस पहुंची। यहां घात लगाकार बैठे नक्सलियों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। करीब 30 से 35 मिनट तक दोनों तरफ से जमकर गोलीबारी हुई। जिसके बाद जवानों को भारी पड़ता देख नक्सली जंगल की आड़ लेकर भाग निकले।
फायरिंग रुकने के बाद जवानों ने इलाके की सर्चिंग की। सर्चिंग के दौरान एक महिला समेत 3 नक्सलियों का शव बरामद किया गया है। मौके से भारी मात्रा में नक्सलियों का सामान भी मिला है। जवान अब भी जंगल में ही मौजूद हैं। तीनों नक्सलियों की शिनाख्त नहीं हुई है। सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।