रायपुर : लोकसभा चुनाव के नजदीक आते ही प्रदेश में सियासी सरगर्मी तेज हो चुकी है। चुनाव से पहले छत्तीसगढ़ में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। आप के बड़े पदाधिकारी आज भाजपा में प्रवेश लेंगे। जानकारी के मुताबिक आइएनडीआइए गठबंधन से नाराजगी और प्रदेश के विधानसभा चुनाव 90 सीटों पर प्रत्याशी नहीं उतारने से आप के कई बड़े पदाधिकारी हाईकमान से नाराज चल रहे थे।
बीते दिनों प्रदेशाध्यक्ष सहित अन्य लोगों ने पार्टी से इस्तीफा दिया था। मंगलवार को राजधानी में प्रदेश भाजपा प्रभारी ओम माथुर की मौजूदगी में तीसरे मोर्चे के पदाधिकारी पार्टी का दामन थामेंगे। प्रदेश भाजपा कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में प्रवेश कार्यक्रम की तैयारियां की जा रही है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जकांछ) के पदाधिकारी भी भाजपा के बड़े नेताओं के संपर्क में है। चर्चा यह भी है कि पूर्व विधायक और रायपुर दक्षिण से कांग्रेस प्रत्याशी रहे महंत रामसुंदर दास भी भाजपा में प्रवेश कर सकते हैं। प्रदेश दौरे के दौरान दूसरे सत्र की बैठक में ओम माथुर लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी की रणनीति पर चर्चा करेंगे।




