पुलिस के रवैए से परेशान युवक ने खाया जहर

- Advertisement -

बिलासपुर जिले में पुलिस की भेदभावपूर्ण रवैए से तंग आकर एक युवक ने जहर खाकर खुदकुशी करने की कोशिश की है। दरअसल, तीन दिन पहले बदमाशों ने मिलकर राजमिस्त्री को घेरकर डंडे से पीटा था। जिसकी रिपोर्ट उसने बेलगहना चौकी में दर्ज कराई है, लेकिन पुलिस ने जमानतीय केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तारी नहीं किया।

पीड़ित श्याम बिहारी प्रजापति ग्राम पंडरापथरा में रहता है। वह राजमिस्त्री का काम करता है। पिछले 9 जून को वो काम करने ग्राम कुपाबांधा गया था। काम खत्म होने के बाद वह अपने दोस्त शिवचरण और कृष्णा छेदइया के साथ दो बाइक में सवार होकर घर लौट रहे थे।

- Advertisement -
युवक ने मारपीट की रिपोर्ट बेलगहना चौकी में दर्ज कराया है।
युवक ने मारपीट की रिपोर्ट बेलगहना चौकी में दर्ज कराया है।

दो बदमाशों ने रोक कर की मारपीट

इस दौरान कुपाबांधा के मोड़ पर दारसागर निवासी अशोक यादव राजकुमार पोर्ते ने उसे रोक लिया। पुरानी रंजिश के चलते गाली-गलौज करने लगा। उसने डंडे से पिटाई कर दी, फिर हाथ में पहने कड़े से सिर पर वार किया। जिससे उसका सिर फट गया।

बीच-बचाव करने पर दोस्तों के साथ भी की मारपीट

राजमिस्त्री श्याम बिहारी खून से लथपथ घायल हो गया। जिसे देखकर उसके साथी शिवचरण और कृष्णा ने बीच बचाव किया, तब बदमाशों ने डंडे से उनकी भी पिटाई कर दी। घायल श्याम बिहारी ने इस घटना की शिकायत बेलगहना चौकी में की। जिस पर पुलिस ने साधारण मारपीट का केस दर्ज कर खानापूर्ति कर ली।

पुलिस के रवैए से खा लिया जहर

वहीं, पुलिस ने भी उसका सहयोग करने के बजाय कार्रवाई करने की औपचारिकता निभाई। जिसके चलते वह मानसिक रूप से तनाव में आ गया। मंगलवार की रात उसने अपने घर के बाहर जहर खा लिया। जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। इसकी जानकारी मिलने पर परिजनों ने उसे सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत को देखकर उसे रायपुर रेफर कर दिया गया।

इधर, इस मामले की जानकारी लेने के लिए चौकी प्रभारी विवेक पांडेय से संपर्क किया गया। लेकिन, उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -