जांजगीर-चांपा में सड़क हादसे में पति-पत्नी समेत 3 लोगों की मौत हो गई है। वहीं 2 बच्चे गंभीर रूप से घायल हैं। हादसे के बाद घटनास्थल पर तनाव की स्थिति बनी हुई है। परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया है।
जानकारी के अनुसार एक बाइक में पति मन्नू बंजारा, पत्नी उमा बंजारा और दो बच्चे सवार थे। जो पामगढ़ से शिवरीनारायण की ओर जा रहे थे। युवक रजाई बेचने का काम करता था। वहीं दूसरी बाइक में संजय यादव सवार था, जो अपने घर रहौद से पामगढ़ की ओर आ रहा था।
आमने-सामने टक्कर के बाद बस से टकराई बाइक
पहले दोनों बाइक में आमने-सामने टक्कर हुई, जिसके बाद एक बाइक तेज रफ्तार कार से टकरा गई। इसी दौरान दूसरा बाइक सवार पीछे से आ रही बस के नीचे आ गया। हादसा इतना भीषण था कि दोनो बाइक के परखच्चे उड़ गए। घटना के बाद कार ड्राइवर कार लेकर फरार हो गया और बस ड्राइवर भी बस छोड़ कर फरार हो गया।

घायल बच्चों को बिलासपुर रेफर किया गया
मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए सीएचसी अस्पताल लाया। जहां पति-पत्नी और दूसरे बाइक सवार व्यक्ति को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। दो बच्चे घायल हैं, जिन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है।
मुआवजे की मांग को लेकर परिजनों ने किया चक्काजाम
संजय यादव के शव को सड़क पर रखकर ग्रामीण और परिजन मुआवजे की मांग करते हुए चक्काजाम कर दिया। बस में तोड़-फोड़ भी की गई है। परिजन 5 लाख रुपए के मुआवजे की मांग कर रहे हैं। चक्काजाम की जानकारी मिलने पर जिला पुलिस बल और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हुए हैं।



