कोरबा। जिले में एक नाबालिग किशोरी से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी शिवा मंझवार उर्फ शिव सिंह को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की है। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त स्कूटी को भी जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, घटना 10 जुलाई 2026 की है। करीब 14 वर्षीय किशोरी दोपहर के समय सोसायटी जाने के लिए घर से निकली थी। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले युवक ने भी सोसायटी जाने की बात कहकर किशोरी को अपनी स्कूटी पर बैठा लिया।
आरोप है कि रास्ते में युवक स्कूटी को बस्ती से आगे जंगल की ओर ले गया। वहां किशोरी को जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। घटना के बाद आरोपी किशोरी को जामबहार स्थित सोसायटी के पास लेकर पहुंचा, लेकिन तब तक सोसायटी बंद हो चुकी थी।
इसके बाद किशोरी ने आरोपी के साथ वापस जाने से इनकार कर दिया और जामबहार में रहने वाली अपनी एक परिचित महिला के घर पहुंची। किशोरी ने महिला को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद उसे सुरक्षित घर पहुंचाया गया। परिजनों को घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी जब्त
पुलिस के मुताबिक, 14 जुलाई को आरोपी शिवा मंझवार उर्फ शिव सिंह थाने पहुंचा। पूछताछ और विवेचना के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कूटी CG 12 BV 7078 को जब्त कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर 14 जुलाई को विधिवत गिरफ्तार किया। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की गई है।




