**कोरबा पुलिस की बड़ी कामयाबी: ट्रक ड्राइवरों से लूटपाट करने वाले बबली गैंग का एक और आरोपी गिरफ्तार**

- Advertisement -

कोरबा। पुलिस सहायता केंद्र मानिकपुर ने ट्रक ड्राइवरों से लूटपाट करने वाले कुख्यात बबली गैंग के एक और फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने यह सफलता पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशों और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री यू.बी.एस चौहान एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री भूषण एक्का के मार्गदर्शन में प्राप्त की है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान महेंद्र कुमार खटकर उर्फ़ आकाश उर्फ़ भाका (22 वर्ष), निवासी तिलाईपाली, थाना सरसिवा, जिला सारंगढ़ के रूप में हुई है, जो वर्तमान में कोरबा के रानी रोड पर निवास कर रहा था।

- Advertisement -

मामला 15 जून 2024 का है, जब सदगुरु ट्रांसपोर्ट के ट्रक ड्राइवर मनीष कुमार यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसे कुछ अज्ञात लोगों ने चाकू दिखाकर लूट लिया। इस वारदात में प्रार्थी का मोबाइल फोन और नगदी रकम छीन ली गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की और चौकी प्रभारी प्रेमचंद साहू के नेतृत्व में दो आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, जिनसे लूटा गया मोबाइल, नगदी रकम और घटना में प्रयुक्त हथियार बरामद किए जा चुके हैं।

महेंद्र कुमार खटकर, जो इस वारदात के बाद फरार हो गया था, उसे मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने 16 अगस्त 2024 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

इस सफलता में पुलिस टीम के प्रआर अवधेश यादव और आरक्षक हितेश राव का विशेष योगदान रहा, जिनकी मुस्तैदी और मेहनत से यह गिरफ्तारी संभव हो पाई। पुलिस की इस कार्रवाई से ट्रक ड्राइवरों में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और क्षेत्र में कानून व्यवस्था को लेकर विश्वास बहाल हुआ है।

- Advertisement -
Latest news
- Advertisement -
Related news
- Advertisement -