कोरबा – जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पार्षद मुकेश राठौर, नेता प्रतिपक्ष कृपाराम साहु, उपनेता प्रतिपक्ष गोपाल कुर्रे, पार्षद रवि सिंह चंदेल, कोरबा ब्लॉक अध्यक्ष पालुराम साहु, पार्षद टामेश अग्रवाल सहित कांग्रेस पदाधिकारियों ने कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्जकर उचित मूल्य की दुकानों में राशन वितरण को लेकर गंभीर अनियमितता का आरोप लगाया है साथ ही खाद्य अधिकारी घनश्याम कंवर से भेंटकर ज्ञापन सौंपा गया है ।
जिसमें आरोप लगाया गया है कि खाद्य विभाग के लापरवाही के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । फरवरी माह पार हो गया लेकिन फरवरी माह का राशन सामग्री हितग्राहियों को अब तक नहीं मिला है । ज्ञापन के माध्यम से बताया गया कि ऐसे कई संचालक हैं जो एक से अधिक सरकारी राशन दुकानों का संचालन कर रहे हैं जिस कारण भी हितग्राहियों को परेशान होना पड़ रहा है । कई संचालक एक बार में पूरा राशन नहीं देते और बार – बार बुलाकर हितग्राहियों को परेशान करते हैं । पहले खाद्य सामग्री आबंटन की जानकारी प्रत्येक वार्डवासियों को मिल जाया करता था जिसे वर्तमान में बंद कर दिया गया है ।
मांग पत्र के माध्यम से कहा है कि राशन दुकानों को समय सारणी के अनुसार खोला जाए, तथा एक बार में ही पूरा राशन प्रदान किया जाए, फरवरी माह का राशन मार्च माह में एक साथ दोनों माह का राशन प्रदान किया जावे, तथा पूर्व की भांति राशन आबंटन की जानकारी सार्वजनिक किया जाए ।




